बदायूं: रोडवेज की लापरवाही बनी यात्रियों की सजा, गर्मी में छीनी AC सुविधा
बदायूं, अमृत विचार: यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज निगम ने देहरादून जाने के लिए एसी शताब्दी बस सेवा शुरू की थी। यह बस बिसौली, चंदौसी, मुरादाबाद, नजीबाबाद, हरिद्वार से देहरादून तक के लिए चलाई गई थी। इसका किराया 872 रुपये था, लेकिन यह बस सेवा कुछ दिन चलने के बाद बंद कर गई।
अब यात्रियों को भीषण गर्मी में साधारण बस से देहरादून तक यात्रा करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। निगम के अधिकारी परमिट न होने पर एसी बस का संचालन बंद किए जाने की बात कह रहे हैं। वहीं यात्रियों को भीषण गर्मी में परेशानियों को झेलना पड़ रहा है।
शासन की ओर से पिछले साल अक्टूबर में एक एसी शताब्दी बस मिली थी। इसका संचालन देहरादून रूट पर करने के कुछ दिन बाद बंद कर दिया गया। इसके बाद से यह बस दिल्ली रूट पर संचालित कर दी गई। शताब्दी बस सेवा बंद कर साधारण बस को देहरादून के लिए भेजा जाने लगा।
मार्च माह में गर्मी शुरू होते ही यात्रियों की मांग पर रोडवेज निगम की ओर से देहरादून के लिए फिर से शताब्दी बस सेवा को शुरू कर दिया गया। इसका किराया साधारण बस से 340 रुपये अधिक रखा गया। एसी बस का किराया 872 रखा गया। गर्मी के मौसम में एसी बस शुरू किए जाने पर देहरादून जाने वाले यात्रियों को राहत मिली। लेकिन तीन दिन चलने के बाद एसी शताब्दी बस का संचालन फिर से बंद कर दिया गया।
अब फिर से साधारण बस को देहरादून रूट पर भेजा जा रहा है। साधारण बस से देहरादून जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में साधारण बस से सफर करने वाले यात्री पसीने से तरबतर रह रहे हैं।
देहरादून जाने वाले यात्री राकेश कुमार ने बताया कि वह हर सप्ताह देहरादून जाने हैं। रोडवेज निगम की ओर से देहरादून के लिए गर्मी के मौसम में एसी बस का संचालन शुरू किए जाने से राहत मिली थी। बस का संचालन बंद हो जाने से गर्मी के मौसम में दिक्कत हो रही है।
देहरादून जाने वाले शैलेंद्र, मुकेश, रोहिताश आदि का भी यही कहना था कि साधारण बस से देहरादून तक यात्रा करना मुश्किल हो रहा है। निगम को एसी शताब्दी बस को फिर से शुरू कर देना चाहिए। देहरादून तक शताब्दी एसी का संचालन बंद किए जाने पर रोडवेज निगम के अधिकारी परमिट न होने की बात कह रहे हैं,
जबकि अक्टूबर माह के दौरान शुरू की हुई एसी का संचालन बंद कर फिर से शुरू करने में पांच माह का समय मिला था, लेकिन इतने माह में देहरादून के लिए एसी बस का परमिट रोडवेज निगम नहीं बनवा सका।
एसी शताब्दी बस सेवा परमिट न होने के कारण बंद की गई है। बिना परमिट के बस भेजना उचित नहीं है। इसके चलते बस का संचालन रोक दिया गया है। परमिट जल्द बन जाए इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल साधारण बस देहरादून भेजी जा रही है- अजय कुमार सिंह, एआरएम रोडवेज निगम
ये भी पढ़ें- बदायूं: टूटी हाईटेंशन लाइन ने ली किसान की जान, मक्का की रखवाली कर लौट रहा था घर
