हल्द्वानी में पारा 40 के पार, जून में गर्मी ने तोड़ा 12 साल का रिकार्ड

हल्द्वानी, अमृत विचार। जून पहले सप्ताह ने गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। 2012 के बाद जून 2023 का पहला सप्ताह सबसे गर्म रहा। 12 वर्षों बाद जून के पहले हफ्ते में लोगों को इतनी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा है। माह के आठवां दिन इस साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ है।
गुरुवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम 20.9 डिग्री रहा। आर्दता 20 प्रतिशत रही। हालांकि इस बीच 9.5 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवाओं ने कुछ राहत दी, लेकिन बढ़े तापमान में ज्यादा देर तक इन हवाओं का असर नहीं रहा। सुबह से लोगों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ा। कूलर, पंखे, एसी के सहारे लोगों ने गर्मी से बचने की कोशिश की।
पंतनगर विश्वविद्यालय के कृषि एवं मौसम विभाग के डॉ. आरके सिंह ने बताया कि आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2012 के बाद इस वर्ष जून का पहला सप्ताह सबसे अधिक गर्म रहा है। गुरुवार का दिन इस साल का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी मौसम गर्म रहेगा। शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है।
पिछले 12 वर्षों में इस प्रकार रहा जून का पहला सप्ताह
वर्ष अधिकतम तापमान
2012 41.0
2013 35.8
2014 38.9
2015 39.0
2016 35.4
2017 39.4
2018 34.9
2019 38.6
2020 31.4
2021 34.4
2022 29.6
2023 40.2