पीलीभीत : मॉडल पेपर का अभ्यास कर सामाजिक विज्ञान में आएंगे अच्छे नंबर

पीलीभीत, अमृत विचार। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर हिंदी का काफी सरल आया। बताए गए टिप्स से परीक्षार्थियों को बहुत मदद मिली। 03 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर है।
यह पेपर भी बाकी परीक्षा की तरह महत्वपूर्ण है। इसमें परीक्षार्थी कम मेहनत में अच्छे नंबर पा सकता है। बचे हुए दिनों में किस तरह से पढ़कर अच्छे नंबर पाए जा सकते हैं। इस बारे में राम इंटर कालेज के सहायक अध्यापक अजीत कुमार ने सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के बारे में टिप्स बताए हैं। इनको ध्यान में रख सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में अच्छे नंबर पाए जा सकते हैं।
महत्वपूर्ण टिप्स
पैटर्न बदले जाने के कारण इस बार 20 नंबर के बहुविकल्पीय प्रश्न आएंगे। इसके लिए पाठ को अच्छे से पढ़ें। ज्यादातर प्रश्न पाठ की बेसिक कंसेप्ट से होते हैं।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अधिवेशन, असहयोग आंदोलन और सविनय आंदोलन आदि बहुत महत्वपूर्ण टॉपिक है। हर वर्ष यहां से प्रश्न आते हैं। इसको अच्छे से पढ़कर जाएं।
भूगोल मानचित्र में संसाधन और मृदा के प्रकार आदि दर्शाने के प्रश्न आते हैं। इसके लिए मानचित्र का खूब अभ्यास करें।
प्रमुख बांध, नदियां, बहुउद्देशीय परियोजनाएं, प्रमुख फसलें आदि भी महत्वपूर्ण टॉपिक है। पिछले दस वर्षों में इसके ज्यादातर प्रश्न आते हैं।
दीर्घ प्रश्न 150 शब्द के आते हैं। ध्यान रहे दीर्घ प्रश्नों में प्वांइटर बनाएं। पांच लाइनों से ज्यादा पैराग्राफ न लिखें। इससे प्रश्न का उत्तर भी सुंदर दिखेगा और नंबर भी अच्छे मिलेंगे।
अच्छे अंक स्कोर करने के लिए मॉडल प्रश्न पत्रों का उपयोग करें। इसमें पूछे जाने वाले प्रश्नों को दोहराएं। पिछले पांच वर्ष के मॉडल पेपर का उपयोग कर सकते हैं।
सभी प्रश्नों का उत्तर क्रमवार लिखें। जिससे कॉपी जांचने वाले को भी आसानी हो। इससे नंबर अच्छे मिलते हैं।
इतिहास और भूगोल से पांच-पांच या कुल 10 अंकों के मानचित्र पर आधारित प्रश्न रहेंगे। इनका खूब अभ्यास करें।
ये भी पढ़ें : पीलीभीत: रुपए के लेनदेन में पकड़ा और इंस्पेक्टर ने बना दिया बाइक चोर