बाराबंकी : रेलवे ओवरब्रिज का काम शुरू, सेतु निगम टीम ने किया निरीक्षण
बाराबंकी : दरियाबाद क्षेत्र में रेलवे क्रासिंग 156 ए पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा। शनिवार को सेतु निगम के अभियंता मनीष सिंह ने अपनी टीम के साथ दरियाबाद रेलवे स्टेशन चौराहे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दरियाबाद-भिटरिया मार्ग पर पुल निर्माण के लिए दोनों तरफ की भूमि की पैमाइश की।
यह पुल 1076 मीटर लंबा और 9 मीटर चौड़ा होगा। मुख्य मार्ग के दोनों तरफ 10-10 मीटर में सर्विस लेन बनेगी। पुल निर्माण के लिए पहली किस्त जारी हो चुकी है। मार्ग पर आने वाले पेड़ और बिजली के खंभों को हटाने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। भवन मालिकों को नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है। इस पुल का शिलान्यास नवंबर 2023 में यूपी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने किया था।
डेढ़ साल से काम शुरू नहीं हो पाया था। लखनऊ-अयोध्या रेलमार्ग के दोहरीकरण के बाद ट्रेनों की संख्या बढ़ने से फाटक बंद होने की समस्या बढ़ गई है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने इस पुल को मंजूरी दिलवाई थी। सेतु निगम के जेई मनीष सिंह के अनुसार भूमि मापन का काम शुरू हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
