बहराइच: महिलाओं ने राशन कार्ड हाथ में लेकर किया प्रदर्शन, बोलीं- अंगूठा लगवाने के बाद भी कोटेदार नहीं दे रहा खाद्यान्न
7.jpg)
अमृत विचार, नानपारा, बहराइच। जिले के परसा खरगमन गांव निवासी महिलाओं ने शुक्रवार को हाथ में कार्ड लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्ड धारकों का कहना है कि बीते चार माह से अंगूठा लगवाने के बाद भी कोटेदार खाद्यान्न नहीं दे रहा है। इस माह भी खाद्यान्न नहीं दिया, जिस पर सभी ने प्रदर्शन कर शिकायती पत्र डीएसओ को भेजा है। विकास खंड रिसिया के ग्राम पंचायत परसा खरगमन के कोटेदार बरसाती लाल हैं।
गांव के कार्ड धारकों ने कोटेदार पर चार माह से खाद्यान्न न देने का आरोप लगाया है। गांव निवासी गांव निवासी नूर जहां, शरीफुन, हसरत जहां, विमला देवी, सुनीता देवी, रीता, सलमा बेगम, जैतूना, इब्राहीम, आसिफ, असगर अली, पलटू आदि ने बताया कि शुक्रवार को सभी खाद्यान्न लेने गए तो अंगूठा लगवाने के बाद भी वापस कर दिया। जिस पर सभी ने हाथ में राशन कार्ड लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पूर्ति निरीक्षक शिकायत का कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। जिससे कोटेदार अपनी मनमानी कर रहा है। लगभग 140 ग्रामीण बीते कई माह से खाद्यान्न से वंचित हैं। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा। इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सप्लाई इंसपेक्टर से मामले की जांच कराई जायेगी। इसके बाद आगे की कार्यवाई होगी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: खो चुके चेक से जालसाजों ने की ठगी, प्रधानाध्यापिका के खाते से निकाले 84 हजार रूपये