बिग ब्रेकिंग – हल्द्वानी जेल से भागने के फिराक में थे तीन कैदी, एक दीवार फांद भी गया लेकिन…
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुष्कर्म के तीन बंदियों ने बुधवार सुबह हल्द्वानी जेल ब्रेक कर दी। तीन में से एक बंदी ने जेल की ऊंची छत से छलांग लगा दी और इतने में ही झंडा फहरा रहे संतरी ने बंदूक तान दी और भाग रहे बंदी को नहीं रूकने पर गोली मारने की चेतावनी दी, जिसके …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुष्कर्म के तीन बंदियों ने बुधवार सुबह हल्द्वानी जेल ब्रेक कर दी। तीन में से एक बंदी ने जेल की ऊंची छत से छलांग लगा दी और इतने में ही झंडा फहरा रहे संतरी ने बंदूक तान दी और भाग रहे बंदी को नहीं रूकने पर गोली मारने की चेतावनी दी, जिसके बाद जेल से फरारी की योजना नाकाम हुई। घटना के बाद से जेल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और भागने की कोशिश करने वाले तीनों आरोपियों के खिलाफ जेल अधीक्षक सतीश कुमार सुखीजा ने केस दर्ज कराया है।
हल्द्वानी उप कारागार के जेल अधीक्षक सतीश कुमार सुखीजा ने बताया कि विडौरा मझोला नानकमत्ता निवासी गौरव शर्मा (30) पुत्र श्याम लाल, पिपरिया नरसिंहपुर मध्यप्रदेश निवासी कपिल सिंह (32) पुत्र मुन्ना सिंह और चनमुना बहेड़ी दरभंगा बिहार निवासी हरिओम यादव (22) पुत्र अजय यादव दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हैं।
बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे रोज की तरह जेल को खोलने की तैयारी शुरू की गई। इसी के तहत उक्त तीनों बंदियों को सुबह 5:40 बजे रसोई की लकड़ी लेने के लिए जेल में मौजूद लकड़ी के कारखाने तक भेजा गया। यहां एक भी सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था और मौके का फायदा उठाते हुए गौरव और गौरव के बाद कपिल कारखाने के दरवाजे के सहारे जेल की छत तक पहुंच गए। इनके बाद हरिओम ने चढ़ने की कोशिश की, लेकिन दो लोगों का भार सह चुके कारखाने के टीनशेड की छत पर लगा लोहे का पाइप हरिओम का वजन सहन नहीं कर सका और टूट गया।
पाइप के टूटते ही हरिओम कई फीट नीचे गिर गया। इसी बीच जेल में गश्त की पर्चियां निकाल रहे बंदी शेरा व उपनल कर्मी त्रिलोक ने छत पर बंदियों को देख कर शोर मचा दिया। जेल का अलार्म भी बज गया, तभी गौरव ने जेल की ऊंची छत से छलांग लगा दी। इस वक्त जेल की छत पर हवलदार वेदराम और संतरी सुनील दत्त शर्मा झंडा फहरा रहे थे।
गौरव को कूदता देख संतरी सुनील ने बंदूख तान दी और भागने पर गौरव को गोली चलाने की धमकी दी। तब तक जेल में हड़कंप मच चुका था। कुछ पल में ही गौरव को घेर लिया गया। सूचना पर जेल अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद तीनों बंदियों को अन्य बंदियों से अलग बंद किया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि तीनों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।