Good News: युवाओं के लिए खुशखबरी, UP पुलिस में 28,138 पदों पर होगी भर्ती, जानिए कब से मांगे जाएंगे आवेदन

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुरूप यूपी पुलिस (UP Police) बल को मजबूत करने के लिए नए वित्तीय वर्ष में पुलिस भर्ती (Police Recruitment) की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके लिए उप्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ (Police Recruitment and Promotion Board, Lucknow) द्वारा अप्रैल और मई माह में नई भर्ती प्रक्रिया के शुरू करने की घोषणा की है। बोर्ड ने अप्रैल और मई में 28,138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करेगा।
बोर्ड द्वारा इस वर्ष मार्च माह में लगातार साठ हजार से अधिक आरक्षियों एवं रेडियो संवर्ग के चौदह सौ से अधिक पदों पर भर्तियां पूरी की हैं। यह पुलिस भर्तियों को स्ट्रीमलाइन करने एवं भर्ती कैलेंडर को ससमय करने की दिशा में यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड का सुचिंतित एवं सुनियोजित प्रयास है। साथ ही योगी सरकार 8 सालों में करीब साढ़े आठ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दे चुकी है।
2 लाख से अधिक पुलिस विभाग में हुई भर्तियां
बीते आठ वर्षों में बोर्ड द्वारा विभिन्न पदों पर लगभग दो लाख चौदह हजार (2,14,468) से अधिक भर्तियां कर चुका है। जिनमें चौंतीस हजार से अधिक महिलाओं (34,832) की तथा लगभग एक लाख उन्यासी हज़ार (1,79,636) पुरुषों को भर्ती किया गया है। जिनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस स्तर के 12,144 पद, प्लाटून कमांडर के 780 पद, आरक्षी नागरिक पुलिस के 1,48,222 पद, आरक्षी पीएसी के 42,539 पदों पर भर्ती करने के साथ-साथ आरक्षी स्तर के कुशल खिलाड़ियों के 516 पदों की भर्ती भी की गई, जिसमें 178 महिला खिलाड़ियों की भर्ती कराई गई।
अप्रैल-मई में इन पदों पर शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के प्रथम सप्ताह से अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इस भर्ती प्रक्रिया में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 4,242 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी) के 135 पद, प्लाटून कमांडर (विशिष्ट बल) के 60 पद और जनपद बंदायू, लखनऊ व गोरखपुर के लिए महिला पीसी के 106 पद शामिल हैं, जिसके तहत कुल 4,543 पदों पर उप निरीक्षक स्तर की भर्ती की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, आरक्षी स्तर पर भी विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया उसी समय शुरू होगी। इसमें आरक्षी पीएसी, आरक्षी विशिष्ट बल और महिला आरक्षी पीएसी के 15,904 पद, आरक्षी (नागरिक पुलिस) के 3,245 पद, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद और जेल वार्डन के 2,833 पद शामिल हैं, जिसके तहत आरक्षी स्तर पर कुल 22,053 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह, कुल 26,596 पदों पर भर्ती प्रक्रिया निकट भविष्य में प्रारंभ होगी।
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 1153 पदों पर भी होगी भर्ती
भर्तियों के इस क्रम में रेडियो सहायक परिचालक के 44 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,153 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया में अग्रिम कार्यवाही अप्रैल-मई 2025 में शुरू की जाएगी। इस प्रकार निकट भविष्य में कुल अठाईस हज़ार से अधिक पदों के लिए भर्ती की कवायद भी इसी साल शुरु की जायेगी।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: नहर में मिला पीडब्ल्यूडी इंजीनियर विवेक सोनी का शव, जांच में जुटी पुलिस