मुरादाबाद : श्रीकृष्ण जन्म होते ही हर ओर गूंजा जय कन्हैया लाल की…

मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की वजह से दो वर्ष बाद जन्माष्टमी का त्योहार शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रमुख मंदिरों के आसपास मेला जैसा माहौल था। मंदिरों और घरों में विधि-विधान से लड्डू गोपाल का पूजन किया गया। भगवान श्री कृष्ण के जन्म की खुशी में भक्तों ने दिनभर उपवास रखा और रात में …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की वजह से दो वर्ष बाद जन्माष्टमी का त्योहार शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रमुख मंदिरों के आसपास मेला जैसा माहौल था। मंदिरों और घरों में विधि-विधान से लड्डू गोपाल का पूजन किया गया। भगवान श्री कृष्ण के जन्म की खुशी में भक्तों ने दिनभर उपवास रखा और रात में जन्मोत्सव मनाया। रात 12 बजते ही कान्हा ने जन्म लिया तो मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं ने बधाईयां गाईं। कई मंदिरों में दही हांडी की मटकी भी फोड़ी गई। श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की भजन गाकर लड्डू गोपाल को झूला झुलाया।

मंदिरों में पूरे दिन भजनों का सिलसिला चलता रहा। कुछ लोगों ने गुरुवार को ही जन्माष्टमी का पर्व मनाया था, जबकि कुछ ने शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में मनोहारी झांकियां भी सजाई गईं। राधा-कृष्ण के वेश में सजे कलाकारों ने रासलीला प्रस्तुत की। भक्तों ने अपने बच्चों को भी राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजाया। शुक्रवार को मुख्य रूप से रिजर्व पुलिस लाइन मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन किया गया। शाम होने तक सभी मंदिरों में भक्तों का तांता लग गया। सभी मंदिर हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठे। बच्चों ने मेलों में लगे झूलों का जमकर आनंद उठाया। पुलिस लाइन परिसर में भी जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों के अलावा गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

पुलिस लाइन में अधिकारियों ने लिया रासलीला का आनंद
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित टिन शेड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंच पर सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल की छात्राओं ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रमों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस अवसर एसएसपी हेमंत कुटियाल, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, एसपी ग्रामीण विद्या सागर मिश्र, एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, डॉ. विशेष गुप्ता, साध्वी गीता प्रधान, प्रिया अग्रवाल आदि मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस लाइन में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें शामिल होने वाले पुलिसकर्मियों का अधिकारियों ने उत्साहवर्धन किया गया।

इस्कॉन ने मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
इस्कॉन ने दिल्ली रोड पर स्थित होटल ड्राइव इन 24 में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर संकीर्तन, प्रवचन, अभिषेक तथा महाप्रसाद वितरण किया गया। भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी से संबंधित झांकियां भी सजाई गईं। सायं चार बजे से मध्य रात्रि तक सतत मधुर हरि नाम संकीर्तन किया गया। दिल्ली से बुलाया गया रॉक बैंड कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। रॉक बैंड में विविध वाद्य यंत्रों पर हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम-राम हरे-हरे की धुन पर मधुर हरिनाम संकीर्तन किया गया। कई भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन की अगुवाई की। उन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करते हुए हरे कृष्ण महामंत्र पर नृत्य करने को उत्साहित किया। भक्तों ने बहुत ही शांति और अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर एक-एक करके भगवान का अभिषेक किया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, पिछड़ा आयोग सदस्य एवं दर्जा राज्य मंत्री गिरीश वर्मा तथा नगर विधायक रितेश गुप्ता ने भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक किया।
बांसुरी और झूलों की खूब हुई खरीदारी
कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही लोग दिनभर पर्व की तैयारी करते रहे काफी संख्या में खरीदारी के लिए महिलाएं बाजार में नजर आई। बाजारों में देर रात तक लोगों ने खरीदारी की। वहीं बाजारों में इस बार भी श्री कृष्णा वेशभूषा, कन्हैया की बांसुरी और झूले में झूलते कन्हाई की जमकर बिक्री हुई।
खीरे के दाम बढ़े। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान खीरे का विशेष महत्व माना जाता है। इस कारण जन्माष्टमी के दिन खीरे के दाम आसमान छूने लगते है। शुक्रवार को ऐसा ही हुआ। कुछ दिनों पहले तक 20 से 25 रुपये किलो बिकने वाला खीरा दो दिन में 50 से 60 रुपये किलो बिका।

पुलिस लाइन मंदिर में लगा भक्तों का तांता, झांकियों ने किया मंत्रमुग्ध
रिजर्व पुलिस लाइन मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पुजारी पवन कुमार पांडे ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण के जन्म की खुशी में मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और फूल पत्तियों की लड़ियों से सजाया गया था। घरों में भी बने पूजा घरों को भक्तजनों ने पूरे उत्साह से सजाया। मंदिरों में सजी सुंदर मनमोहक झांकियों और रासलीलाओं का श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। नंद गोपाल के दर्शनों के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गई थीं। शाम को तो भव्य रौनक थी। मंदिरों में भगवान लड्डू गोपाल का अभिषेक और भजन संध्या का आयोजन किया गया। भगवान श्री कृष्ण और राधा जी को नए वस्त्र पहना गए। उनका शृंगार किया गया। दिन भर भक्तों ने मंदिर में भजन-कीर्तन किए। रात 12 बजे तक भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान मंदिर के पास लगे मेले का श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया। रात 12 बजे भगवान श्री कृष्ण के जन्म के बाद महाआरती का आयोजन किया गया।
जन्माष्टमी के दिन शम्मी के घर में गूंजी किलकारी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन परिवार में किलकारी गूंजे तो इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा। यह खुशी का पल शहर के मानसरोवर कॉलोनी की रहने वाली शम्मी आहूजा मदान को हासिल हुआ तो परिवार में खुशियों का माहौल हो गया। अशोक आहूजा की बेटी शम्मी आहूजा मदान के पति गौरव मदान बिजनेसमैन हैं। शम्मी गृहणी हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन परिवार में नन्हें मेहमान के आगमन से परिवार के सभी लोग खुशी से चहक उठे। एक तरफ जहां हर ओर नंद के घर आनंद भयो की गूंज थी तो शम्मी को संतान सुख मिलने की सुखद अनुभूति से परिवार रोमांचित था। शम्मी के पिता अशोक आहूजा ने कहा कि यह उनके लिए असीम खुशी का क्षण है। श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हें मेहमान ने पूरे घर में रौनक बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अंकित सिंह बने करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष, फूल-माला पहनाकर किया स्वागत