लखनऊ : मुलायम की समधन समेत 188 नगर निकाय कर्मियों का तबादला

लखनऊ, अमृत विचार। नगर निकास विभाग ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समधन व भाजपा नेता अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट समेत 188 नगर निकाय अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। लखनऊ नगर निगम में जोन तीन की जोनल अधिकारी रहीं अंबी बिष्ट को अब बाराबंकी नगर पालिका परिषद भेजा गया …
लखनऊ, अमृत विचार। नगर निकास विभाग ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समधन व भाजपा नेता अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट समेत 188 नगर निकाय अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला कर दिया है। लखनऊ नगर निगम में जोन तीन की जोनल अधिकारी रहीं अंबी बिष्ट को अब बाराबंकी नगर पालिका परिषद भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार इससे पहले वर्ष 2018 में बिष्ट के लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनाती के दौरान उनका तबादला फर्रुखाबाद हो गया था, पर तीन दिन में उनका तबादला लखनऊ नगर निगम में हो गया था। अंबी बिष्ट मूलरूप से नगर निकाय कर्मी हैं। वह काफी समय तक लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनात रह चुकी हैं।
इसके अलावा वर्षों से एक ही जगह तैनात रहीं नगर निगम जोन छह की जोनल अधिकारी बिन्नो अब्बास रिजवी का तबादला अयोध्या किया गया है। बिन्नो लालजी टंडन परिवार की करीबी हैं। पूर्व में उनका तबादला बाराबंकी हो गया था पर योगी की पहली सरकार में आशुतोष टंडन के मंत्री बनने के बाद उनका तबादला निरस्त हो गया था।
स्थानांतरित होने वालों में सहायक नगर आयुक्त व ईओ श्रेणी वन के 13, ईओ श्रेणी-दो के 18, ईओ नगर पंचायत के 34, राजस्व निरीक्षक 42, कर अधीक्षक 30, कर निर्धारण अधिकारी 12, अवर अभियंता सिविल 18, जोनल सेनेटरी अधिकारी छह शामिल हैं। इसके अलावा मुख्य सफाई व खाद्य निरीक्षक एक, अवर अभियंता जल 11 और लेखाकार, ज्येष्ठ लेखा परीक्षक व सहायक लेखाधिकारी एक-एक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें –सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुये भर्ती