विकास की ताकत

देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आज़ादी के इस अमृतकाल में भारत में जो आशा है, लोगों में जो आत्मविश्वास है, नए भारत के निर्माण के लिए जो इच्छाशक्ति है, वो अनेक संभावनाओं के द्वार खोल रही है। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में दुनिया ने भारत की सामर्थ्य देखी है। सदी की इस …
देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आज़ादी के इस अमृतकाल में भारत में जो आशा है, लोगों में जो आत्मविश्वास है, नए भारत के निर्माण के लिए जो इच्छाशक्ति है, वो अनेक संभावनाओं के द्वार खोल रही है। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में दुनिया ने भारत की सामर्थ्य देखी है। सदी की इस सबसे बड़ी आपदा में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में बड़ा व्यवधान आया, फिर यूक्रेन युद्ध ने भी संकट को और बढ़ा दिया। इन सबके बीच भारत विकास के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार आज दुनिया में जो वैश्विक परिस्थितियां बनी हैं, वो हमारे लिए बड़े अवसर लेकर भी आई हैं। दुनिया आज जिस भरोसेमंद साथी को तलाश रही है, उस पर खरा उतरने की सामर्थ्य सिर्फ भारत के पास है। भारत जी-20 देशों के समूह में तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश है। बीते साल दुनिया के 100 से अधिक देशों से 84 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया है।
इस सबके बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औद्योगिक परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 80 हजार 224 करोड़ रुपये की 1406 औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला लखनऊ में रखी। दावा है कि इन प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने पर उत्तर प्रदेश में पांच लाख रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जनसंख्या के मामले में तो उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश में भारत की पांचवें-छठे हिस्से की आबादी रहती है। यानी यूपी के एक व्यक्ति की बेहतरी भारत के हर छठे व्यक्ति की बेहतरी होगी।
उम्मीद की जा सकती है कि ऐसे में उत्तर प्रदेश में विकास तेजी से होगा। कौशल और संसाधनों के मामले में भी उत्तर प्रदेश किसी से कम नहीं है। इतने बड़े स्तर पर प्रदेश में निवेश का आना साबित करता है कि निवेशकों के सपनों और संकल्पों को नई ऊंचाई, नई उड़ान देने का सामर्थ्य उत्तर प्रदेश के युवाओं में है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्योगपतियों को सु्रक्षा का भरोसा दिया और कहा कि प्रदेश में उनका निवेश सुरक्षित रहेगा। प्रदेश सरकार सूबे में दस लाख करोड़ का निवेश लाकर प्रदेश को निवेश के लिए बेहतरीन स्थान बनाना चाहती है। बढ़ता हुआ निवेश यूपी के युवाओं के लिए अनेक नए अवसर लेकर आ रहा है। कहा जा सकता है कि अगले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश देश के विकास की ताकत बनेगा।