शाहजहांपुर : रेत में दफन मिला युवती का शव, हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका
पुवायां, अमृत विचार। शनिवार सुबह बंडा-पुवायां सीमा पर नहर के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुवायां-बंडा सीमा पर बसे बहेड़ा गांव के पास शारदा लिंक नहर के किनारे ग्रामीणों ने कुत्तों को कुछ नोंचते हुए देखा। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो रेत से एक हाथ बाहर निकला दिखाई दिया। जिस पर आसपास के क्षेत्र में हड़कम्प मच गया और देखते ही देखते वहां सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर दोनों थानों की पुलिस व क्षेत्राधिकारी निष्ठा उपाध्याय मौके पर पहुंची।, साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका ने हरे रंग की सलवार और कुर्ता पहन रखा था। महिला के आधे कपड़े ऊपर उठे हुए थे, जिससे महिला अर्धनग्न अवस्था मे रेत में दफन दिख रही थी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया महिला की मरब25 से 30 साल के आसपास की है। जिसकी हत्या कर शव को दफन करने का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
बंडा की लापता लड़की के परिजनों को बुलाया
अज्ञात शव मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की खोजबीन शुरू हुई। बण्डा के मोहल्ला रामनगर में एक युवती पिछले लगभग 11-12 दिनों से लापता होने की जानकारी मिली। प्रशासन ने परिजनों को घटनास्थल पर शिनाख्त के लिए बुलाया, रोती हुई बंडा निवासी महिला ने घटनास्थल पहुंचकर अपने बेटी होने से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: प्रेम-प्रसंग में छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
