बदायूं : अनियंत्रित लोडर वाहन पेड़ से टकराया, सात घायल...चालक की हालत नाजुक
शुक्रवार रात लगभग 12 बजे मुजरिया-कछला मार्ग पर हुआ हादसा

सहसवान/मुजरिया, अमृत विचार। मुजरिया क्षेत्र में कछला मार्ग पर लोडर वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। लोडर वाहन के चालक की हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया है।
कस्बा सहसवान के मोहल्ला पट्टी यकीन निवासी परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार रात लोडर वाहन से कासगंज से दावत खाकर वापस लौट रहे थे। लोडर वाहन में 12 लोग सवार थे। रात लगभग 12 बजे मुजरिया-कछला मार्ग स्थित गांव अलीगंज के पास लोडर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोडर वाहन सवार शकील पुत्र मो शरीफ, उनका बेटा इयान, अल शिफा पुत्री गुलाम हुसैन, रानी पत्नी गुलाम हुसैन, गुड़िया पत्नी शकील, शबाना पत्नी छोटा, वाहन चालक सहसवान के मोहल्ला नसरुल्लागंज निवासी फहीम पुत्र टल्ली घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तीन एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। चालक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल भेजा गया है
ये भी पढ़ें - बदायूं: मुख्यमंत्री से जिलाध्यक्ष ने की मुलाकात, जिले के विकास पर चर्चा