संभल : पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में पथराव-फायरिंग, एक की मौत

संभल, अमृत विचार। थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव पतेई नासिर में रंजिशन में दो पक्षों में टकराव हो गया। विवाद में दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। साथ ही पथराव के साथ फायरिंग भी हुई। इसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान एक ने दम …
संभल, अमृत विचार। थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव पतेई नासिर में रंजिशन में दो पक्षों में टकराव हो गया। विवाद में दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। साथ ही पथराव के साथ फायरिंग भी हुई। इसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पतेई नासिर गांव निवासी ग्राम प्रधान सुल्तान सिंह और राजवीर सिंह में बहुत समय से पुरानी रंजिश चल रही है। बीते पंचायत चुनाव में दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव भी लड़े थे। इसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ती चली गई। कई बार दोनों पक्ष आमने सामने आ चुके हैं। पूर्व में पुलिस दोनों ओर से कार्रवाई भी कर चुकी है। इनके बीच मुकदमे भी चल रहे हैं।
शनिवार देर रात दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते फिर एक बार टकराव हो गया। कहासुनी से शुरू हुए विवाद में दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले। इसके बाद पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। विवाद में दोनों ओर से करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें राजवीर पक्ष से राजवीर और उसकी पत्नी प्रेमश्री, राधिका, शिशुपाल और प्यारेलाल गंभीर रूप घायल हुए हैं। इनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। यहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान राजवीर की मौत हो गई।
वहीं प्रधान पक्ष से सुल्तान, अखिलेश और भूरा भी घायल हुए हैं। उनका भी उपचार कराया जा रहा है। इसके अलावा भी कई लोग चोटिल हुए हैं। जिनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची तो बताया गया पुरानी रंजिश के चलते कहा सुनी हुई है। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाकी लोगों के मामूली चोटें आई हैं। सबका मेडिकल कराया गया है। अभी दोनों ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : संभल : अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, प्रधान व उसका पुत्र गिरफ्तार