सहारनपुर में 1758 लोगों के अपात्र पाये जाने पर राशन कार्ड निरस्त

सहारनपुर में 1758 लोगों के अपात्र पाये जाने पर राशन कार्ड निरस्त

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में राशन कार्डों की जांच के दौरान अच्छी खासी संख्या में अपात्र लोगों के राशन कार्ड बनने की बात उजागर हुई है। जिला आपूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बड़े बंगलों में रहने वाले, सरकारी नौकरी करने वाले, कार और दुकान मालिको ने भी अंत्योदय …

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में राशन कार्डों की जांच के दौरान अच्छी खासी संख्या में अपात्र लोगों के राशन कार्ड बनने की बात उजागर हुई है। जिला आपूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बड़े बंगलों में रहने वाले, सरकारी नौकरी करने वाले, कार और दुकान मालिको ने भी अंत्योदय और दूसरे कार्ड बनवाने की बात जांच में सामने आयी है।

जिले में ऐसे अपात्र लोगों के 1758 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं। इनमें 1682 गृहस्थी के और 16 अंत्योदय कार्ड शामिल हैं। सिंह ने बताया कि जांच के दौरान अपात्र पाए जाने पर अनेक लोगों ने अपने कार्ड सरेंडर भी किये हैं। सहारनपुर जिले में 5.84 लाख राशन कार्डधारक हैं। इनमें पात्र गृहस्थी के कार्डधारक 2,29,382 और 54,618 अंत्योदय कार्ड धारक हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजना है कि कोई भी भूखा ना सोये। इसके लिए सरकार राशन कार्डधारकों को मुफ्त खाद्यान्न दे रही है। विभागीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया था कि वह अपात्र कार्डधारकों की जांच करे। जो निःशुल्क राशन ले रहे हैं।

जांच शुरू होने और कार्डों का सत्यापन अभियान चलने पर अनेक अपात्र लोगों ने अपने राशन कार्ड खुद ही सरेंडर करना शुरू कर दिये। इनमें अनेक लोग ऐसे थे जिनके पास पक्का मकान, सरकारी नौकरी, दुकान आदि है। कार्ड सरेंडर करने वालों की संख्या 575 है। जिले में 1238 राशन की दुकानें हैं। सिंह ने कहा कि जहां अपात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं, वहीं पात्र लोगों के नए राशन कार्ड भी बनाए जाएंगे। यह अभियान पूरे मई माह तक चलेगा।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद: अपात्र हैं तो ‘राशन कार्ड’ करें सरेंडर…नहीं तो बाजार के भाव से होगी वसूली