मुरादाबाद : न्यू ईयर पार्टी में युवा भाजपाई भिड़े, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पीटा

मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में नए साल जश्न में भाजपा नेता आपस में ही भिड़ गये। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं …
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में नए साल जश्न में भाजपा नेता आपस में ही भिड़ गये। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। शनिवार को पीड़ित भाजपाई डीआईजी से मिले।
मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित ग्रीन ऑर्चिड में शुक्रवार देर रात नए साल की पार्टी चल रही थी।कालोनीवासियों की ओर से पार्टी का आयोजन किया गया था। भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे भी इसी सोसाइटी में रहते हैं।
अभिषेक ने बताया कि रात करीब ढाई बजे डीजे पर कालोनी के लोग डांस कर रहे थे। तभी भाजपा नेता नरेश यादव के बेटे निखिल यादव अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उसके डीजे पर डांस का विरोध हुआ तो हंगामा करने लगा। अभिषेक का कहना है कि उस वक्त वह सो रहे थे। कालोनी के लोगों ने उन्हें फोन कर मौके पर बुला लिया। उन्होंने निखिल से वहां से जाने को कहा। इसी को लेकर उनके बीच मारपीट हो गई। मारपीट की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर लाकड़ी फाजलपुर चौकी इंचार्ज बालेंद्र यादव मौके पर पहुंच गए और निखिल यादव को मौके से भगा दिया, जबकि कालोनी के एक नाबालिग को पुलिस पकड़कर चौकी ले जाने लगी। युवा मोर्चा के महानगर मंत्री अभिषेक राठौर ने मोबाइल से फेसबुक लाइव वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलिसकर्मी भड़क गए। बीच में आए भाजपा नेता हेमंत चौधरी को भी जमकर पीटा गया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के आठ-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।