President Election Results : द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन होगा राष्ट्रपति? मतगणना शुरू

President Election Results : द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन होगा राष्ट्रपति? मतगणना शुरू

नई दिल्ली। देश के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतगणना गुरुवार को यहां संसद भवन में शुरू हो गई। मतगणना के पहले दौर में लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों के मतों की गिनती की जाएगी और इसके बाद विधायकों के मतों की गिनती होगी। विभिन्न राज्यों से लाई गई मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर …

नई दिल्ली। देश के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतगणना गुरुवार को यहां संसद भवन में शुरू हो गई। मतगणना के पहले दौर में लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों के मतों की गिनती की जाएगी और इसके बाद विधायकों के मतों की गिनती होगी। विभिन्न राज्यों से लाई गई मतपेटियों से मतपत्रों को निकालकर अलग-अलग किया जा रहा है जिसके बाद उनकी गिनती की जाएगी।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को संसद भवन , राज्यों की विधानसभाओं और केन्द्र शासित प्रदेशों में मतदान हुआ था। इस बार राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है।

राष्ट्रपति चुनाव में 99 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट डाले थे। मतदान के बाद देशभर के सभी मतदान केन्द्रों से मतपेटियां यहां संसद भवन लायी गयी थी। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4796 मतदाता थे, जिनमें से 99 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। ग्यारह राज्यों और केन्द्र शासित पुड्डुचेरी में शत-प्रतिशत मतदान हुआ।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए दिल्ली और पुड्डुचेरी समेत 30 जगहों पर मतदान कराया गया। इस चुनाव में राज्य सभा और लोकसभा के सदस्यों के अलावा राज्यों और विधानसभा वाले केन्द्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को मताधिकार प्राप्त था।

रामनाथ कोविंद के बाद अब देश का अगला राष्ट्रपति कौन होगा, इसका फैसला आज चुनाव नतीजों के साथ हो जाएगा। राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की तरफ से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा चुनाव मैदान में हैं, जिनके लिए 18 जुलाई को वोट डाले गए थे।

मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म होने जा रहा है और 25 जुलाई के देश के नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू देश में शीर्ष संवैधानिक पद पर काबिज होने वाली पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी।

एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के भाई तरीनी सेन टुडू ने कहा, ”रायरंगपुर में खुशी का माहौल है क्योंकि हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू भारत की अगली राष्ट्रपति बनेंगी। यह आदिवासी समुदाय, ओडिशा और देश के लिए गर्व की बात है।”

सत्तारूढ़ एनडीए की द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के यशवंत सिन्हा मुकाबले में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हैं, जिसमें मुर्मू के पक्ष में वोट स्पष्ट रूप से अधिक वोट हैं। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के ओडिशा के पैतृक गांव रायरंगपुर में उनकी जीत की घोषणा के पहले ही विजय जुलूस निकालने की तैयारी हो रही है। द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद बांटने के लिए मिठाइयां भी तैयार की गईं हैं।

ये भी पढ़ें : विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य पर लगी आग, जांच के आदेश