अखिलेश अयोध्या आएं तो उनसे पूछना कारसेवकों पर गोली क्यों चलवाई: अमित शाह

अखिलेश अयोध्या आएं तो उनसे पूछना कारसेवकों पर गोली क्यों चलवाई: अमित शाह

अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में देश के गृह मंत्री अमित शाह का हेलीकॉप्टर जैसे-जैसे नीचे उतर रहा था वैसे ही वैसे जनसभा में आए लोगों का उत्साह आसमान छूता जा रहा था। सभा में दो घंटे देरी से पहुंचे अमित शाह ने माइक पकड़ने में देरी नहीं की और विपक्ष पर हमलावर हो …

अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में देश के गृह मंत्री अमित शाह का हेलीकॉप्टर जैसे-जैसे नीचे उतर रहा था वैसे ही वैसे जनसभा में आए लोगों का उत्साह आसमान छूता जा रहा था। सभा में दो घंटे देरी से पहुंचे अमित शाह ने माइक पकड़ने में देरी नहीं की और विपक्ष पर हमलावर हो गए। जन विश्वास रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि जब अखिलेश यादव अयोध्या आकर वोट मांगें तो उनसे पूछना कारसेवकों पर गोली क्यों चलवाई थी? डंडे क्यों बरसाए थे? साधु-संतों पर लाठियां क्यों बरसाई गई थी? धारा 370 हटा दी तो इन साहब को क्या आपत्ति है? कश्मीर से धारा 370 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हटा दिया, ट्रिपल तलाक पर कानून ला दिया तो अब यह लोग रोना रो रहे हैं।

कांग्रेस पर बरसते हुए अमित शाह ने कहा कि जब देश में कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, तब सपा और बसपा उसका समर्थन करते थे। आए दिन पाकिस्तान से आतंकवादी घुसपैठ करते थे। हमारे जवानों का सर काट लेते थे। हमारी सेना ने पाकिस्तान में एयर व सर्जिकल स्ट्राइक की और आतंकवादियों का सफाया कर दिया। पाकिस्तान यह भूल गई थी कि कांग्रेस की सरकार नहीं यह भाजपा की सरकार है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज भगवान राम का मंदिर देखकर आया हूं। राम मंदिर आकाश को छुएगा। काशी में भी भव्य मंदिर बन गया है। एक बार आप लोग भी जाकर देखिए।

इस दौरान उन्होंने थ्री वी का मंत्र दिया और बताया कि मोदी सरकार में विकास, व्यापार और विरासत को आगे बढ़ाया जा रहा है। सभी का स्वागत हवाई पट्टी पर सांसद लल्लू सिंह, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, जिले के विधायक गण रामचंद्र यादव, शोभा सिंह चौहान, वेद गुप्ता, गोरखनाथ बाबा, मण्डलायुक्त एमपी अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक केपी सिंह, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय व अन्य केन्द्रीय अधिकारी और मण्डल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी व संतों द्वारा स्वागत किया गया।

पूरे यूपी में फैल चुकी है इत्र की दुर्गंध

जीआईसी मैदान में दो घंटे देरी से पहुंचते ही अमित शाह ने सीधा मंच संभाला और विपक्ष पर हमलावर होते हुए कहा कि इत्र की दुर्गंध पूरे यूपी में फैल चुकी है। कांग्रेस कभी विकास नहीं कर सकती। पहले की सरकारों में आस्था के प्रतीकों का सम्मान नहीं होता था, लेकिन मोदी सरकार में नतीजा आपके सामने है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से अपील की कि 2022 आ रहा है इसलिए आप सभी संकल्प लें और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।

अयोध्या के कुंडों का जीर्णोद्धार कर सरयू का जल भरना है

गृह मंत्री ने कहा कि अयोध्या हमारे आराध्य देव श्रीराम की जन्मस्थली हैै हमारी सरकार का उद्देश्य त्रेतायुग की तरह अयोध्या को पूर्ण विकसित करना व इसके गौरव को बढ़ाना है। भारत के पवित्र सप्तपुरियों में अयोध्या प्रथम आती है। इसको प्रथम स्थान दिलाना विश्व में हमारा व हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में चिकित्सा, महाविद्यालय, पर्यटन, विकास, रोजगार आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। इसके क्रम में यहां के कुण्डों का जीर्णोद्वार करना उसमें पवित्र मां सरयू का जल भरना तथा अयोध्यावासियों के लिए ज्यादा से ज्यादा विकास की धारा बहाना प्रमुख है। पर्यटन के साथ साथ व्यापार में वृद्वि की आसीम संभावनाएं है। केन्द्रीय मंत्री ने योगी आदित्यनाथ के कार्यों की व्यापक सराहना की। प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रशासन के कार्यो की सराहना की।

यह भी पढ़ें:-रुपया वर्ष 2021 के आखिरी दिन 13 पैसे की तेजी के साथ 74.29 प्रति डॉलर पर हुआ बंद