महारानी के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन पर ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने जताया आभार

न्यूयॉर्क (अमेरिका)। ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को 96 साल की उम्र में उनके बाल्मोरल कैसल स्थित आवास पर निधन हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी …

न्यूयॉर्क (अमेरिका)। ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को 96 साल की उम्र में उनके बाल्मोरल कैसल स्थित आवास पर निधन हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में सोमवार को सुबह महारानी के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सत्र से इतर क्लेवरली ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ मैं महारानी के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति को भेजने के लिए भारत का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने का मौका मिला और यह बहुत मायने रखता है।’’ राष्ट्रपति मुर्मू एलिजाबेथ द्वितीय की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन गई थीं।

वहां उन्होंने भारत सरकार व भारत के लोगों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। मुर्मू ने ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स तृतीय द्वारा एलिजाबेथ द्वितीय की याद में बकिंघम पैलेस में आयोजित एक समारोह में भी शिरकत की थी। भारतीय राष्ट्रपति शनिवार की शाम लंदन पहुंचीं थीं। महारानी की अंत्येष्टि में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत विश्व के करीब 500 नेता शामिल हुए। अंतिम संस्कार की रस्म वेस्टमिंस्टर एबे में की गई, जहां करीब 2,000 लोग मौजूद थे।

ये भी पढ़ें:- अमेरिकी सांसदों ने की भारत-अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों की वकालत, दोनों देशों के योगदान को रेखांकित किया