लोक सभा चुनाव आते ही भाजपा को याद आने लगे मुसलमान: बर्क

लोक सभा चुनाव आते ही भाजपा को याद आने लगे मुसलमान: बर्क

मुरादाबाद, अमृत विचार। संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा भाजपा की नीतियां लोगों को बांटने वाली हैं। लेकिन इस सोच का नुकसान भाजपा को ही उठाना पड़ेगा। अब 2024 में लोक सभा का चुनाव होगा, इसलिए भाजपा को मुस्लिमों का सहयोग चाहिए। इसलिए पसमांदा मुसलमानों की याद आई है। जगह-जगह मुस्लिम रहनुमाओं …

मुरादाबाद, अमृत विचार। संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा भाजपा की नीतियां लोगों को बांटने वाली हैं। लेकिन इस सोच का नुकसान भाजपा को ही उठाना पड़ेगा। अब 2024 में लोक सभा का चुनाव होगा, इसलिए भाजपा को मुस्लिमों का सहयोग चाहिए। इसलिए पसमांदा मुसलमानों की याद आई है। जगह-जगह मुस्लिम रहनुमाओं को साथ लेकर भाजपा के चुनावी रणनीतिकार सम्मेलन (कांफ्रेस) कर रहे हैं। मीडिया में अपनी बात कह रहे हैं। लेकिन, इससे कुछ नहीं होने वाला है। भाजपा मुस्लिम विरोधी है।

  • भाजपा की ओर से आयोजित पसमांदा मुसलमानों के सम्मेलन को बताया छल
  • बोले, मदरसों के सर्वे में नहीं मिली कोई शिकायत तो सरकार धन की मदद करे

रविवार को यहां सर सैयद अहमद खां के जन्मदिन पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेने आए डॉ. बर्क ने पत्रकारों से अनौपचारिक रूप से बात की। कहा, सर सैयद ने देश की शिक्षा के लिए ईदारा खोला। किसी भी जाति और देश की तरक्की शिक्षा पर निर्भर होती है। महात्मा गांधी जी ने भी शांति का सबक सर सैयद अहमद खान से ही सीखा था। उन्हें मालूम था कि हिंसा से कुछ नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शांति से ही समस्याओं को हल किया जा सकता है। पसमांदा मुसलमानों के सम्मेलन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कहा, यह सम्मेलन एक तरह का राजनीतिक छल है। जबकि प्रदेश सरकार द्वारा मदरसों के सर्वे कराए जाने पर अपनी दो टूक राय रखी। कहा, मदरसों में सरकार ने कमियां निकालनी चाही। लेकिन, इन्हें (सरकार) कुछ हासिल नहीं हुआ। क्योंकि, मदरसों में कोई गलत तालीम नहीं दी जाती है। अगर सरकार को मदरसों को बाहर से मिलने वाले चंदे से ऐतराज है तो शिक्षा के इन केंद्रों को अलग से आर्थिक सहयोग दिया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : 3 केन्द्रों पर हुई पीईटी, डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

सांसद ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की भारत के विदेश मंत्री एस.जयशंकर की प्रशंसा के प्रश्न पर कहा पाकिस्तान और भाजपा की नीति एक है। अगर वह (भाजपा के लोग) बोले, सोचते हैं कि मुसलमान इमरान खान के इसी बयान पर भाजपा को वोट करेंगे तो यह उनकी गलतफहमी है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान भाजपा का गुंणगान करते हैं। लेकिन, भारत के मुसलमान उनकी बात पर एतबार नहीं करेंगे।