मुरादाबाद की आठ सीटों में छह पर भाजपा ने लहराया परचम, चार ब्लॉकों में निर्विरोध चुने गए ब्लॉक प्रमुख

मुरादाबाद, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जिले की छह सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि एक सीट निर्दलीय और एक समाजवादी पार्टी के पास है। चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ सप्ताह भर से जारी गहमागहमी खत्म हो गई। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे मूंढापांडे, भगतपुर टांडा, ठाकुरद्वारा और छजलैट …
मुरादाबाद, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जिले की छह सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि एक सीट निर्दलीय और एक समाजवादी पार्टी के पास है। चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ सप्ताह भर से जारी गहमागहमी खत्म हो गई।
शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे मूंढापांडे, भगतपुर टांडा, ठाकुरद्वारा और छजलैट ब्लाक प्रमुख के चुनाव का मतदान शुरू हुआ। चारों पदों के लिए दो-दो उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें सबसे अधिक मतों के अंतर से ठाकुरद्वारा में संजना देवी ने जीत का परचम फहराया है। उन्हें पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह का समर्थन था। यहां भाजपा की संतोषी देवी को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है, जबकि मूंढापांडे ब्लॉक में भाजपा के नवनीत यादव, भगतपुर टांडा में संतोष कुमार और छजलैट में राजपाल सिंह ने जीत दर्ज की है। उधर, चार सीटों पर शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन का ऐलान हो गया था।
मूंढापांडे ब्लॉक में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अपहरण की भी शिकायत की गई थी। यहां कुंदरकी के विधायक और उनके बेटे पर आरोप लगे थे। लेकिन, यहां शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एसके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार ने मतदान और गणना का निरीक्षण किया और शांतिपूर्ण मतदान के लिए लोगों का धन्यवाद किया।
विकास खण्ड निर्वाचित (मिले मत) पराजित
मुरादाबाद मनीष कुमार सिंह निर्विरोध
मूढापांडे नवदीप यादव (71) आयुष (41)
भगतपुर टांडा संतोष कुमार (69) चेतन चौहान (46)
बिलारी रूपा देवी निर्विरोध
कुन्दरकी नगमा निर्विरोध
ठाकुरद्वारा संजना देवी (80) संतोष देवी (22)
डिलारी पूनम देवी निर्विरोध
छजलैट राजपाल सिंह (90) कुमारी पवन सैनी (21)
मंडल में भाजपा के प्रदर्शन से कार्यकर्ता खुश
क्षेत्र के109 ब्लॉकों में 96 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिनमें 85 ब्लॉकों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। मुरादाबाद मंडल के रामपुर जिले में छह में से पांच ब्लॉकों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। मुरादाबाद के आठ में से छह ब्लॉक पर भाजपा का कब्जा हुआ है। अमरोहा के छह में से पांच ब्लॉक का परिणाम घोषित कर दिया गया हैं, जिनमें तीन पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। बिजनौर जिले के 11 ब्लॉकों में नौ सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। पंचायत राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह व भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने सभी जिलाध्यक्षों का इस परिणाम को लेकर अभिनंदन किया है।
ठाकुरद्वारा में पूर्व सांसद समर्थित संजना जीतीं, भाजपा को मिली हार
मुरादाबाद। ब्लाक प्रमुख पद के निर्वाचन में भाजपा ठाकुरद्वारा में बुरी तरह से पराजित होकर भी जीत गई है। यहां संजना देवी ने शानदार प्रदर्शन किया है। संजना को 80 मत मिले हैं, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी और भाजपा की उम्मीदवार संतोष देवी को मात्र 22 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की आपसी लड़ाई ठाकुरद्वारा में खुलकर सामने आई थी। यहां संतोष देवी को पार्टी की सूची जारी होते ही पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह ने संजना देवी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। पूर्व सांसद का कहना है कि संजना ही असल भाजपा की उम्मीदवार हैं। उनके पति पुरानी जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष थे। इसलिए संजना ही भाजपा की उम्मीदवार हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान ने संजना के पति को पूरी तरह से समाजवादी करार दिया।
जिलाध्यक्ष ने दो टूक कहा कि संजना पार्टी की प्राथमिक सदस्य तक नहीं हैं। पूर्व सांसद ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन किया, जबकि जिले की छह सीटों पर भाजपा का परचम फहरा है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सबसे दिलचस्प लड़ाई ठाकुरद्वारा की ही मानी जा रही थी। शुक्रवार को नामांकन पत्र वापसी के बाद संतोष देवी और संजना देवी ही दो उम्मीदवार बच गईं थी। माना जा रहा था कि यहां दोनों में सीधी भिड़ंत होगी। लेकिन, चुनाव परिणाम ने समूचे कयासों पर विराम लगा दिया। पूर्व सांसद समर्थित संजना देवी ने शानदार जीत हासिल की है।
चारों ब्लॉकों का जायजा लेते रहे डीएम व एसएसपी
मुरादाबाद। जनपद के चारों ब्लाकों में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख के पद के लिए मतदान शांति पूर्ण महौल में संपन्न कराया गया। पूरा दिन जिलाधिकारी व एसएसपी चारों मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। दोपहर बाद मतगणना कराने के बाद विजेता प्रत्याशियों के नामों की धोषणा कर दी गई। शनिवार की सुबह 11 बजे जनपद के ब्लाक ठाकुरद्वारा, भगतपुर टांडा, छजलैट व मूंढापांडे में ब्लॉक प्रमुखी के पद के लिए मतदान शुरू कराया दिया गया था। सुबह से ही सुपर जोनल अधिकारियों द्वारा शांति पूर्ण तारीके से मतदान करने वाले मेंबरों को मतदान केंद्र तक भेजा गया। चारों ब्लॉकों में मतदान की व्यवस्था देखने के लिए जिलााधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व एसएसपी पवन कुमार पूरा दिन सभी ब्लॉको का जायजा लेते रहे। दोपहर तीन बजे मतदान संपन्न होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई गई। मतगणना होने के बाद जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने विजेता हुए प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए।