बरेली: कृषि कानूनों से किसान के जीवन में आएगी खुशहाली- सूर्य प्रताप शाही

बरेली: कृषि कानूनों से किसान के जीवन में आएगी खुशहाली- सूर्य प्रताप शाही

बरेली, अमृत विचार। बदायूं में आयोजित विराट किसान रैली में शामिल होने जा रहे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार सुबह बरेली के सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2017 विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने घोषणा पत्र …

बरेली, अमृत विचार। बदायूं में आयोजित विराट किसान रैली में शामिल होने जा रहे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार सुबह बरेली के सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2017 विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने घोषणा पत्र में किसानों के मुख्य एजेंडे कर्ज माफी, एमएसपी के आधार पर खरीद आदि का संकल्प लिया था, जिन पर बहुत तेजी से काम किया गया है।

तीनों कृषि कानूनों पर कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने वही कानून बनाए हैं जिसका सुझाव स्वामीनाथन कमेटी, यूपीए सरकार और कृषि मंत्री के रूप में शरद पवार ने दिया था। अब कुछ लोग निजी हितों की वजह से किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं। इसलिए समझ आने पर धीरे धीरे आंदोलन सिमट रहा है। उन्होंने कहा यह कानून किसान के जीवन में खुशहाली लाने वाले हैं, कॉन्ट्रैक्ट खेती पर पाबंदी नहीं है, एमएसपी पर खरीदारी की जा रही है।

उन्होंने पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव कहते थे कि उनका काम बोलता है, लेकिन सीएम योगी का काम दिखाई देता है। सपा सरकार में प्रदेश में डर और भय का माहौल था। अपहरण, फिरौती, हत्या और बलात्कार को लेकर प्रदेश अव्वल स्थान पर था, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही प्रदेश से डर का माहौल खत्म हो गया है। गुंडे जेल में पहुंच गए हैं या फिर उन्‍हें कहीं और पहुंचा दिया गया है।

कांग्रेस की महापंचायतों को लेकर प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की देन है कि आज किसान परेशान हैं। मनमोहन सिंह की नीतियों की वजह से किसान न सिर्फ गरीब बना रहा बल्कि आत्महत्या करने तक को मजबूर हो गया था। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार ने किसानों को कठिनाइयों निकालने का काम किया है।