Bareilly: लखपति दीदी...जिले में 25 हजार से एक लाख तक कमाने वालीं 24 हजार महिलाएं

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की प्रक्रिया चल रही है। राष्ट्रीय आजीविका मिशन की ओर से जिले में लखपति दीदी बनाने के लिए मिले लक्ष्य से ज्यादा महिलाओं का चयन कर लिया गया है।
आजीविका रजिस्टर पर भी करीब 24 हजार से ज्यादा महिलाओं की एंट्री कर ली गई है। ये वे महिलाएं हैं, जिनकी वार्षिक आय 25 हजार से एक लाख रुपये तक है। अब एक लाख से कम कमाने वाली महिलाओं की वार्षिक आय बढ़ाने पर जाेर दिया जा रहा है। जिले में करीब 13 हजार स्वयं सहायता समूह संचालित हैं। इसमें करीब एक लाख 40 हजार महिलाएं शामिल हैं। माेदी सरकार ने इस वर्ष पहली बार लखपति दीदी योजना शुरू की है, इसमें 20 से 40 हजार रुपये साल में कमाने वाली महिलाओं की इनकम एक लाख तक पहुंचाने का प्रयास है। शासन ने इस बार 54 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य एनआरएलएम को दिया था।
विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार अब तक लक्ष्य से ज्यादा 56,770 महिलाओं का चयन कर लिया गया है और इनमें से 24,700 महिलाओं का आजीविका रजिस्टर पर नाम दर्ज कर लिया गया है। इन महिलाओं के नाम लोकोस पोर्टल पर भी अपलाेड कर दिए गए हैं। इन महिलाओं की वार्षिक आय 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक है। उपायुक्त स्वत: रोजगार योगेंद्र लाल भारती ने बताया कि जिन महिलाओं की कमाई एक लाख रुपये से कम है, उनकी आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। विभाग इन महिलाओं को ऐसे रोजगार के साधन उपलब्ध कराएगा, जिससे इनकी वार्षिक आय में इजाफा हो सके।
ये भी पढ़ें - Bareilly: गर्मी की छुट्टी में मुंबई का सफर नहीं आसान...चंद मिनटों में ट्रेनों की बर्थें हो रहीं फुल