किसान आंदोलन में नक्सली घुसे, बंगाल से ममता की गुडंई होगी समाप्त: स्वतंत्र देव

किसान आंदोलन में नक्सली घुसे, बंगाल से ममता की गुडंई होगी समाप्त: स्वतंत्र देव

बरेली,अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। कृषि कानूनों से किसानों की स्वतंत्रता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रदेश में किसी जगह आंदोलन नहीं हो रहा है। पंजाब और दिल्ली के पास आंदोलन खड़ा करना …

बरेली,अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। कृषि कानूनों से किसानों की स्वतंत्रता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रदेश में किसी जगह आंदोलन नहीं हो रहा है। पंजाब और दिल्ली के पास आंदोलन खड़ा करना कांग्रेस की साजिश है। जिस तरह की मांग उठ रही है, इससे ऐसा लगता है कि किसान आंदोलन में नक्सली प्रवृत्ति के लोग घुस गए हैं। अब कांग्रेस का झूठ फरेब नहीं चलने वाला है। उन्होंने कहा कि बंगाल से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की गुंडई समाप्त होगी। आने वाले चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा पश्चिम बंगाल को जीतेगी।

सोमवार को मंडल प्रभारियों की बैठक लेने बरेली पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विपक्षी दलों पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासन काल में किसान यूरिया के लिए पीटा जाता था। भाजपा की सरकार में यूरिया नीम कोटेड मिल रहा है। प्रदेश में किसान आंदोलन नहीं है। जिन जगहों पर आंदोलन को धार दी जा रही है, वहां साजिश की जा रही है। भाजपा ने किसानों के लिए बड़ा काम किया है। प्रधानमंत्री ने खेती को उद्योग का दर्जा दिया है। भाजपा अब जगह- जगह किसान पंचायत का आयोजन कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को किसानों के बारे में चिंता है, हमने कृषि यंत्र, वाजिब दाम दिलाने की दिशा में काम किया है। किसान अपना माल सड़क के किनारे रख कर बेचे या मंडी में, वह स्वतंत्र हैं। इसके बारे में विपक्ष भ्रम फैला रहा है। किसान हितों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने प्रदेश में किसानों के खेत तक पानी, बुंदेलखंड में किसानों के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछा रही है। कृषि यंत्रों पर छूट, किसान सम्मान निधि योजना, कर्जमाफी के जरिए किसानों की बड़ी मदद की है।