चार दिन में चार डिग्री चढ़ गया हल्द्वानी में पारा

चार दिन में चार डिग्री चढ़ गया हल्द्वानी में पारा

हल्द्वानी, अमृत विचार: दिन के समय तपिश बढ़ने लगी है और साथ ही धूल भी उड़ रही है। पारे में लगातार उछाल आ रहा है। हल्द्वानी में पिछले चार दिनों के अधिकतम पारे में चार डिग्री का उछाल आ गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और भी उछाल आने की संभावना है।


हल्द्वानी में सुबह से ही धूप निकली रही। मौसम पूरी तरह से साफ था लेकिन वातावरण में धूल उड़ रही थी। हवाओं की वजह से ऐसा हो रहा था। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है। विगत चार दिनों से तापमान में लगातार उछाल आ रहा है। 23 मार्च को अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया था। उसके बाद से तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है।

राहत की बात है कि न्यूनतम तापमान कम रहा और यह 12.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में 28 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। शेष राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।

पहाड़ में भी चढ़ रहा पारा
हल्द्वानी। मैदान ही नहीं पहाड़ी इलाकों में लगातार तापमान में उछाल आ रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.9 डिग्री ज्यादा है। यहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा। आने वाले दिनों में पहाड़ों में पारे में और भी बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। इस बार मैदान से लेकर पहाड़ तक एक बार फिर से भीषण गर्मी पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।