पीलीभीत: बाढ़ ग्रस्त 50 हजार से अधिक आबादी को मिलेगी राहत, 13 परियोजनाएं मंजूर

पीलीभीत, अमृत विचार: हर साल बाढ़ का दंश झेलने वाले शारदा और देवहा नदी से सटे इलाकों में रहने वाली 50 हजार की आबादी को जल्द राहत मिल सकेगी। लंबे समय से की जा रही बाढ़ कटाव निरोधक कार्यों की मांगों को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद के प्रयास मददगार साबित हुए हैं। शासन स्तर से संबंधित क्षेत्रों में 13 परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद ग्रामीणों ने को बाढ़ से बचाव की उम्मीद जागी है।
बता दें कि पहाड़ी और मैदानी इलाकों में होने वाली बारिश का असर जनपद में दिखाई देता है। हर साल शारदा नदी और देवहा नदी से सटे इलाकों में बाढ़ से भारी तबाही होती है। अभी बीते साल भी तीन माह के भीतर दो बार बाढ़ आई। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीलीभीत पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी थी। इस दौरान तमाम बाढ़ पीड़ितों ने स्थायी इंतजाम कराने की मांग की थी।
शारदा पार के इलाकों में तो कई दिन तक धरना प्रदर्शन भी चला था। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को सुरक्षित करने के लिए लगातार की जा रही कटाव निरोधक कार्यों की मांगों को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने न सिर्फ गंभीरता से लिया बल्कि शासन स्तर तक इसकी पैरवी की। जिसका असर यह रहा कि अब बाढ़ से बचाव के लिए 13.30 करोड़ की तेरह परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। स्वीकृत हुई इन परियोजनाओं का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और राहत कार्यों में तेजी लाना है।
बताते हैं कि इन परियोजनाओं से शारदा और देवहा नदी से सटे 16 गांव की 50 हजार से अधिक आबादी को राहत मिलेगी, जोकि अभी तक हर साल बाढ़ का दंश झेलने को मजबूर थी। 1040 हेक्टेयर कृषि भूमि भी बाढ़ से बचाई जा सकेगी। परियोजनाओं के तहत तटबंधों के मजबूत करने, आपदा प्रबंधन की क्षमता बढ़ाने, और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिम्मेदारों का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के बाद बाढ़ से होने वाले नुकसान में काफी कमी आएगी। वहीं राहत और पुनर्वास कार्यों को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इन कामों से शारदा व देवहा नदी के दोनों किनारों पर बसे बाढ़ प्रभावित गांवों की कटाई से सुरक्षा के लिए कटाव निरोधक कार्य कराए जाएंगे।
ये है स्वीकृत की गई मुख्य परियोजनाएं
- शारदा नदी के दायें किनारे पर स्थित ग्राम खिरकिया बरगदिया, ध्रुव कॉलोनी, ग्रांट नंबर 21 आदि ग्राम समूह के बचाव के लिए कटाव निरोधक कार्य की परियोजना है। इसकी लागत करीब 2.21 करोड़ रुपये है।
- शारदा नदी के दाएं किनारे पर स्थित मार्जिनल बंध के स्पर संख्या 18 से 21 के बीच कटाव निरोधक कार्य, जोकि 93.09 लाख से कराया जाएगा।
- शारदा नदी के दाएं किनारे पर ग्राम चंदिया हजारा में निर्मित परियोजना के डाउन स्ट्रीम में कटाव निरोधक कार्य 3.10 करोड़ से होंगे।
- शारदा नदी क के दाएं किनारे पर स्थित राहुल नगर, मजदूर बस्ती , कॉलोनी नंबर छह आदि में कटाव निरोधक कार्य 3.07 करोड़ से होंगे।
- देवहा नदी के बाएं किनारे पर ग्राम भैंसहा में पूर्व निर्मित परियोजना के अपस्ट्रीम में हो रहे कटान को रोकने के लिए 95.65 लाख के काम होंगे।
- देवहा नदी के बाएं किनारे पर गांव मधुडांडी, नवदिया आदि ग्राम समूह की कटाव निरोधक कार्य परियोजना भी शामिल है। जिसकी लागत करीब 3.03 करोड़ रुपये है।
पीलीभीत में बाढ़ से हर साल हजारों नागरिक प्रभावित होते हैं। इन 13 परियोजनाओं की मंजूरी मिलने से बाढ़ से बचव और राहत कार्य को मजबूती मिलेगी। इन्हें जल्द से जल्द क्रियान्वित कराकर नागरिकों को त्वरित राहत देने का प्रयास है- जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: गुटबाजी का दिखा असर, नगरपालिका की बोर्ड बैठक में हंगामा...हुई नोकझोंक