Sambhal : ससुराल वालों को जाति बताने की धमकी देकर दलित महिला से दुष्कर्म, दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
महिला को ग्रेटर नोएडा के होटल में ले गए थे युवक

संभल/रजपुरा/अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र की दलित महिला ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा में जूस पिलाकर होटल के कमरे में दुष्कर्म करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दलित महिला ने एक वर्ष पहले यादव समाज के एक युवक से शादी की थी। आरोप है कि दोनों युवक महिला की जाति के बारे में ससुराल वालों को बताने की धमकी देते थे।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने ग्रेटर नोएडा में रहते हुए एक वर्ष पहले परिजनों को बिना जाति बताये दलित युवती से शादी की थी। ग्रेटर नोएडा में रह रहे संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव गांव के होने की वजह से युवक के कमरे पर आते-जाते रहते थे। जिससे संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव को महिला के दलित होने का पता चल गया। आरोप है कि इस बात का फायदा उठाते हुए संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव ने युवक के परिजनों को जाति बताने की धमकी देते हुए महिला पर दोस्ती करने का दबाव बनाया।
एक दिन मौके का फायदा उठाते हुए संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव बाइक से महिला को लेकर चौगानपुर गोल चक्कर पहुंचे और जूस पिलाने के बाद होटल में चले गए। जिसमें पुष्पेंद्र यादव बाहर खड़ा रहा और संजय यादव ने कमरे में महिला के साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद चौगानपुर गोल चक्कर पर महिला को छोड़कर दोनों धमकी देते हुए बाइक से भाग गए। कुछ दिन बाद संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव ने फिर से कहा तो महिला ने संबंध बनाने से मना कर दिया। जिस पर संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव ने महिला को उसके पति को मारने की धमकी दी। इस मामले में महिला ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने संजय यादव व पुष्पेंद्र यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढे़ं : संभल : सफेद रंग से रंगी नजर आने लगी जामा मस्जिद, कमेटी कहा-वह काम से संतुष्ट, एएसआई कौन सा रंग करा रही है फर्क नहीं पड़ता