Bareilly: 30 साल पहले लिए फेरे...अब क्यों लगवा रहे शादी पर कानूनी मुहर ?

इस वर्ष अब तक 1579 लोगों ने निबंधन दफ्तरों में कराया विवाह का पंजीकरण

Bareilly: 30 साल पहले लिए फेरे...अब क्यों लगवा रहे शादी पर कानूनी मुहर ?

बरेली, अमृत विचार। जिले में विवाह पंजीकरण कराने के लिए लोग आगे आ रहे हैं। नव विवाहित जाोड़ों से लेकर बुजुर्ग दंपतियों की भीड़ शादी के बंधन में कानूनी गांठ लगवाने के लिए उमड़ रही है। इसमें शहर में रहने वालों की संख्या ग्रामीणों की तुलना में कई गुना ज्यादा है। पंजीकरण करना अनिवार्य होने के बाद काफी समय तक लोगों में दिलचस्पी नहीं थी, मगर अब साल दर साल संख्या बढ़ रही है।

2017 से पहले इस तरह की व्यवस्था नहीं बनी थी, मगर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद उप्र विवाह पंजीकरण नियमावली 2017 लागू की गई, जिसमें कई मामलों में विवाह पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। शुरुआती दाैर में लाेगों में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन अब संख्या बढ़ रही है।

निबंधन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, नवाबगंज, फरीदपुर व मुख्यालय स्थित दोनों कार्यालयों से 1579 लोगों ने निबंधन कार्यालयों में विवाह पंजीकरण कराए हैं, इसमें अकेले शहरी क्षेत्र में 1039 जोड़ों ने पंजीकरण कराए हैं। पिछले वर्ष 2024 में यह संख्या 1632 तक पहुंची थी। इसमें भी शहरियों का आंकड़ा 1036 तक पहुंच गया था। 2023 में भी 1500 के करीब पंजीकरण हुए थे, जिसमें से शहरी क्षेत्र से 900 से ज्यादा पंजीकरण हुए थे।

वर्ष 2022 में शहरी क्षेत्र से 1,374 रजिस्ट्रेशन हुए, जबकि पांचों तहसीलों में 631 पंजीकरण किए गए थे। 2021 में शहरी क्षेत्र में 1,138 पंजीकरण हुए थे और पांचों तहसीलों से 588 रजिस्ट्रेशन कराए गए। वहीं, 2020 में शहरी क्षेत्र में 837 और ग्रामीण क्षेत्र में 369 पंजीकरण कराए गए थे। विभागीय जानकारों के अनुसार, पिछले महीने कई बुजुर्ग दंपतियों ने विवाह पंजीकरण कराया है, इसमें वे पति-पत्नी भी शामिल थे, जिनकी शादी के तीस साल तो किसी के 40 से 45 साल हो चुके हैं।

  • विवाह पंजीकरण कराने के ये हैं फायदे
    रजिस्ट्रेशन कराने से बाल विवाह पर अंकुश लगेगा।
    पति की मौत पर पत्नी को उत्तराधिकार करने का दावा मजबूत होगा।
    पति से भरण-पोषण के अधिकार लेने में भी मदद मिलेगी।
    पंजीकरण होने पर विदेश जाने के लिए वीजा मिलेगा।
    संयुक्त बैंक खाते खुलवाने के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य है।
    जमीन बेचने के लिए विवाह पंजीकरण जरूरी है।
    सरकारी नौकरी में विवाह प्रमाण पत्र मांगे जाते हैं।

एआईजी स्टांप तेज सिंह यादव ने बताया कि विवाह पंजीकरण के लिए स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वेबसाइट www.igrs.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दंपती का वयस्क होना जरूरी है।