Bareilly: चिराग पासवान बोले- बिहारियों के पलायन को आरजेडी का जंगलराज जिम्मेदार

बरेली, अमृत विचार। बीएल एग्रो के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को बरेली पहुंचे केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में आगामी चुनाव के दौरान एनडीए सरकार बनने का दावा किया।
चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। क्योंकि पांच दलों का ये गठबंधन अच्छा विनिंग कॉम्बिनेशन है। उन्होंने 225 से ज्यादा सीटे जीतने का दावा किया। तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि आरजेडी के शासनकाल का भय लोगों में आज भी मौजूद है। नब्बे का दशक कोई भूला नहीं है। आज भी अगर बिहारी प्रदेश से देश और दुनिया में पलायन करते हैं, तो इसे आरजेडी शासनकाल की उसी श्रृंखला से जोड़कर देखा जा सकता है। बिहार में जंगलराज की सरकार कोई भी दोबारा वापस नहीं लाना चाहेगा।
दरअसल, बीएल एग्रो ने गाय प्रजनन और डेयरी प्रौद्योगिकी के लिए बीएल कामधेनु परियोजना में निवेश किया है। संस्था के अध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल का कहना है कि इस परियोजना से लगभग पांच हजार किसानों को लाभांवित किया जाएगा। इससे अर्थ व्यवस्था में भी बढ़ावा मिलेगा। इसी सतत कामधेनु परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने फतेहगंज पश्चिमी के अगरास में किया। वहीं परसाखेड़ा स्थित बीएल एग्रो पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Bareilly: कालीबाड़ी में बड़े सट्टा कारोबार का भंडाफोड़...22 सटोरियों को बंद मकान से पकड़ा