Fatehpur के युवक की हिमस्खलन से मौत: उत्तराखंड में बर्फ के नीचे दबा, परिजनों में मचा कोहराम

Fatehpur के युवक की हिमस्खलन से मौत: उत्तराखंड में बर्फ के नीचे दबा, परिजनों में मचा कोहराम

फतेहपुर, अमृत विचार। असोथर थाना क्षेत्र के घनघौल गांव के रहने वाले रामपाल पासवान का बड़ा पुत्र अशोक पासवान मजदूरी करने के लिए उत्तराखंड के चमोली जिला गया था। जहां पर विगत दिनों बर्फ के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई थी। जब यह जानकारी मृतक के परिजनों को लगी तो मौके पर कोहराम मच गया। मृतक के शव लेने के लिए परिजन कल रविवार को रवाना हो गए थे।
   
मृतक के पिता रामपाल पासवान ने बताया कि मेरे पास एक दिन पहले फोन आया कि बर्फ के नीचे दबकर बेटे की मौत हो गई है। मेरा बेटा 11 माह पहले मौसेरे भाई अंकित निवासी खम्बापुर थाना राधा नगर फतेहपुर के साथ उत्तराखंड के चमोली जिला गया था। रविवार के दिन हिमस्खलन में बर्फ में दबकर बेटे की मौत हो गई।

मृतक अशोक की शादी एक साल पहले थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के रहनी वाली प्रियंका के साथ किया था। अभी दो माह पहले ही पत्नी ने एक बच्चा अंश को जन्म दिया है। मौसेरे भाई अंकित अभी कुछ दिन पहले महाशिवरात्रि पर घर आया था। वहीं अशोक ने होली पर घर आने की बात कही थी। खबर लिखे जाने तक मृतक का शव गांव नहीं पहुंचा था। परिजनों के अनुसार सोमवार की देर रात तक शव पहुंचने की बात कही है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल के लिए मृतक के घर गए थे। मृतक का शव देर रात तक आने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: चुन्नीगंज से नरौना तक सड़क निर्माण पूरा, लगे स्टाइलिश खंभे, मेट्रो ने बीच में लगाए पौधे, रोड पर जलने लगीं लाइटें