बरेली: खुले में मिला हजारों क्विंटल धान, एडीएम प्रशासन ने केंद्र प्रभारियों को लगाई फटकार

बरेली: खुले में मिला हजारों क्विंटल धान, एडीएम प्रशासन ने केंद्र प्रभारियों को लगाई फटकार

अमृत विचार, बरेली। धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान नहीं तोलने की शिकायतों के बीच शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह और जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर खुले में धान रखा मिला। इस पर केंद्र प्रभारियों की फटकार लगायी गयी। एडीएम …

अमृत विचार, बरेली। धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान नहीं तोलने की शिकायतों के बीच शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह और जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर खुले में धान रखा मिला। इस पर केंद्र प्रभारियों की फटकार लगायी गयी। एडीएम प्रशासन ने उन्हें निर्देश दिये कि धान को टीनशेड या गोदाम के अंदर रखवायें या फिर त्रिपाल से ढकें। केंद्र प्रभारियों को धान क्रय करने के 72 घंटे के अंदर किसानों का भुगतान करने के निर्देश दिये।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन और जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने सबसे पहले बरेली मंडी यार्ड द्वितीय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां केंद्र प्रभारी ज्ञान चंद्र मौजूद मिले। केंद्र पर खरीद हो रही थी। हालीमल पुत्र मजीद अहमद निवासी ग्राम करेली के धान की तौल हो रही थी। करीब 1000 कट्टों में धान खुले में रखा पाया गया। बरेली मंडी प्रथम (विपणन शाखा) केंद्र पर मौके पर चरन पुत्र बलदेव निवासी ग्राम रजपुरी नवादा की खरीद होती पायी गयी। किसान रणवीर सिंह मौके पर उपस्थित थे। उनके द्वारा बताया गया कि पीआर 13 धान की तौल नहीं हो पा रही है। तत्काल केंद्र प्रभारी ज्ञान चंद्र वर्मा को तौल कराने के निर्देश दिये।

केंद्र पर एक हजार धान के कट्टे खुले में रखे पाये गये। केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि खुले में रखे गये धान को दो दिवस के अंदर राइस मिलों को डिस्पैच करें। यूपीएसएस के केंद्र पर प्रभारी सुखवीर सिंह किसान अमन दीप कौर निवासी ग्राम पहरापुर के धान की तौल करा रही थीं। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने पीसीयू क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी अजमत की उपस्थिति में किसान बदन सिंह का धान तौला जा रहा था। मौके पर ड्यूटी में लगे संग्रह अमीन मौजूद मिले। केंद्र पर कुछ किसान भुता, तहसील फरीदपुर के उपस्थित थे।

केंद्र प्रभारी को निर्देश दिये कि कृषकों के अभिलेखों को परीक्षण कर लें। उनकी हिस्सेदारी में जितना धान आता है, उसकी तौल करें। एनसीसीएफ केंद्र पर सगुर बी के धान की साफ सफाई का कार्य किया जाना पाया गया। आरएफसी केंद्र सिंघाई कायस्थान केंद्र का निरीक्षण किया। एडीएम प्रशासन ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिये कि किसानों को धान की तौल कराने में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये।

56 प्रतिशत धान खरीद हो चुकी है: एडीएम प्रशासन

एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारी मौजूद मिले। भीड़ नहीं पायी गयी। सीएमआर की डिलीवरी व बिलिंग तेजी से कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर तक लक्ष्य के सापेक्ष 56 प्रतिशत धान खरीद हो चुकी है। इसके सापेक्ष राइस मिलों द्वारा 31 प्रतिशत चावल की डिलीवरी एफसीआई गोदामों में कर दी गयी है।