पुलवामा में आतंकवादियों के ग्रेनेड हमले से 12 नागरिक घायल, तलाशी अभियान शुरू

श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को आंतकवादियों के ग्रेनेड हमले में कम से कम 12 नागरिक घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज शाम को पुलवामा के काकापोरा में संदिग्ध आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। निशाना चूक जाने …

श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को आंतकवादियों के ग्रेनेड हमले में कम से कम 12 नागरिक घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज शाम को पुलवामा के काकापोरा में संदिग्ध आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। निशाना चूक जाने से ग्रेनेड थोड़ी दूर जाकर फटा। जिसमें 12 नागरिक घायल हो गये। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां सभी की हालत स्थिर बतायी गई है।

विस्फोट के कारण मची भगदड़ की आड़ में सभी आतंकवादी भागने में सफल रहे। हमलावरों को पकड़ने के लिए घटना स्थल की ओर अतिरिक्त सुरक्षाबलों को रवाना किया गया है तथा व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। घटनास्थल से तीन किलोमीटर की परिधि में सुरक्षा बलों ने जांच के लिए नाके स्थापित किये हैं तथा वाहनों विशेषकर दो पहिया वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। वाहनों को गहन पड़ताल के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है।