पीलीभीत: किसी ने बचाई जान तो कोई छात्रा के चेहरे पर लाई मुस्कान, सराहनीय कार्य पर मिला सम्मान

पीलीभीत: किसी ने बचाई जान तो कोई छात्रा के चेहरे पर लाई मुस्कान, सराहनीय कार्य पर मिला सम्मान

पीलीभीत, अमृत विचार। मिशन शक्ति फेस 05 के तहत पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक कर रही है। इधर, महिला सशक्तिकरण के इस अभियान में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों  को पुरस्कृत किया गया। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति फेज 05 अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी अगुवाई एसपी अविनाश पांडेय ने की। इस दौरान एवं महिलाओं के साथ घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और अभियान को सफल बनाए जाने के लिए कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मान किया गया। महिला दरोगा अन्नु रानी को पुरस्कृत किया गया। ये पुरस्कार उन्हें बरखेड़ा क्षेत्र के एक मामले को लेकर दिया गया। बता दें कि बरखेड़ा क्षेत्र की एक युवती का वीडियो बनाकर व्यक्ति ने इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया था। युवती से मिली शिकायत पर आरोपी को थाना बरखेड़ा बुलाकर युवती के फोटो डिलीट कराए गए थे। आईडी बैन कराकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़िता के चेहरे पर मुस्कान लाई गई थी। इसके अलावा महिला दरोगा सोनी रजौरा और सिपाही प्राची शर्मा को अमरिया क्षेत्र की एक घटना को लेकर पुरस्कृत किया गया। बीते दिनों अमरिया क्षेत्र की एक महिला अपने परिजनों से नाराज होकर खुदकुशी करने के लिए नहर में कूद गई थी। उसकी जान बचाने के बाद परिजन के सुपुर्द किया गया। परिवार को भी समझाया गया और वर्तमान में वह परिवार खुशहाल बना हुआ है। महिला सिपाही आशु व आरक्षी प्रभात को न्यूरिया क्षेत्र में महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के अन्तर्गत  पूर्ण मनोयोग एवं निष्ठा से सराहनीय कार्य सम्पादित करने पर पुरस्कृत किया गया। महिला सिपाही वंदना को बरखेड़ा क्षेत्र के एक प्रकरण में सम्मानित किया गया। बता दें कि क्षेत्र की एक किशोरी परिजन के कारण पढ़ाई  छोड़ने को मजबूर थी। परिवार वाले उसे स्कूल नहीं भेज रहे थे। महिला सिपाही ने परिजनों से समन्वय स्थापित कर समझा बुझाकर किशोरी को स्कूल भिजवाया था। इन तमाम कार्यों से जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ा, जिसको देखते हुए पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर एएसपी वीरेंद्र कुमार, प्रशिक्षु सीओ उपासना पांडेय भी मौजूद रही।

ये भी पढ़े - पीलीभीत: राइस मिल के गोदाम में मिला 50 हजार क्विंटल से अधिक धान का अवैध स्टॉक