संभल : बहुओं पर बुरी नजर रखने के शक में बेटों ने की थी किसान की हत्या

एसपी ने किया जुनावई थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर की रात किसान की खेत पर हत्या के मामले का खुलासा

संभल : बहुओं पर बुरी नजर रखने के शक में बेटों ने की थी किसान की हत्या

संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में 24 दिन पहले ट्यूबवेल पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या के मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार किए गए दोनों भाइयों ने पुलिस को बताया कि उनके पिता बहुओं पर बुरी नजर रखते थे। इससे गुस्साए दोनों भाइयों ने ही पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है।

जुनावई के गांव करिया खेड़ा में 2 अक्टूबर की रात जंगल में ट्यूबवेल पर सो रहे किसान रामजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बेटे मनोज ने पिता की हत्या का मामला दर्ज कराया था। हत्यारोपियों का पता लगाने के लिए एसपी ने थाना पुलिस के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया था। शुक्रवार को पुलिस ने हत्यारोपियों को पकड़कर इस हत्याकांड का खुलासा किया। रामजीत की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके दोनों बेटों मनोज व राजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पिता की हरकतों से परेशान होकर दोनों बेटों ने ही हत्या की थी। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने बताया कि उनका पिता रामजीत शराब पीने का आदी थे और उसके कुछ महिलाओं से अवैध संबंध थे। बताया कि वह उनकी पत्नियों पर भी बुरी नजर रखते थे। कई बार समझाया और एक बार मारपीट में पिता का दांत भी टूट गया था। इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। वह रोजाना शराब पीकर घर में गाली गलौज करते थे।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा ने बताया कि घटना से 15 दिन पहले मनोज व उसके भाई राजू ने आपस में चर्चा कर पिता रामजीत की हत्या की साजिश रची थी। 2 अक्टूबर की रात को उनके पिता ट्यूबवेल पर सोने के लिए गए थे। दोनों भाइयों ने टांड पर रखा पिता का तमंचा व कारतूस निकाले और रात 12 बजे जंगल में ट्यूबवेल पर जा पहुंचे। वहां मनोज ने तमंचे में कारतूस डालकर राजू के हाथ में थमाया और फिर उसने गोली मार दी। एएसपी ने बताया कि मनोज व राजू की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा, खोखा व एक कारतूस बरामद कर लिया है।

बेटे बोले-शराब पीने का आदी थे पिता
गिरफ्तारी के बाद मनोज व राजू ने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए यह भी बताया कि उन्होंने क्यों और कैसे उनकी हत्या की। मनोज ने कहा कि उनके पिता शराब पीने का आदी थे और जुआ खेलते व खिलाते थे। बताया कि गांव में महिलाओं से अवैध संबंध बनाने से मन नहीं भरा तो घर की बहुओं पर भी बुरी नजर डालनी शुरू कर दी थी। इससे पूरे क्षेत्र में बदनामी हो रही थी। बार-बार समझाने के बाद भी वह नहीं माने तो जान लेने का ही रास्ता बचा था।

ये भी पढ़ें - संभल : नायब तहसीलदार की जमानत दिल्ली की कोर्ट से अर्जी खारिज