मुरादाबाद : सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान ने कराया नामांकन, जानिए क्या बोले?

मुरादाबाद : सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान ने कराया नामांकन, जानिए क्या बोले?

मुरादाबाद।  गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने फिर एक बार कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव के लिए मोहम्मद रिजवान को मैदान में उतारा है। इसके बाद मोहम्मद रिजवान ने जिला मजिस्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन कराया है। मोहम्मद रिजवान 2022 में समाजवादी पार्टी के खिलाफ बसपा से इस विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। उस वक्त वह सपा के प्रत्याशी के जियाउर्रहमान बर्क से हार गए थे। 

हाजी रिजवान 2012 और 2017 में भी कुंदरकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। 2017 में 10,281 वोट से जीत दर्ज की थी। 2022 विधान सभा चुनाव में सपा से टिकट कटे जाने पर वह नाराज होकर बसपा में शामिल हो गए थे। बसपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था और उन्हें 39 हजार वोट मिले थे। 2022 में इस सीट से सपा से ज़ियाउर रहमान बर्क विधायक बने थे।  सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फिर उपचुनाव में मोहम्मद रिजवान उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट संभल से सांसद ज़ियाउर रहमान बर्क के बने जाने के बाद से खाली हो गई थी। 

मीडिया से बात करते हुए सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान ने कहा है कि भाजपा ने जो प्रत्याशी उतारा है, मैं उन्हें 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में हरा चुका हूं। उन्होंने कहा कि अब तक क्षेत्र में जितना भी विकास हुआ है सब समाजवादी पार्टी के विधायक की नीतियों से हुआ है। बसपा में 2022 में शामिल होकर विधान चुनाव लड़े जाने के सवाल पर कहा कि मैं अपने घरवालों से नाराज होकर बसपा में शामिल हो गया था। मैं अपनी गलती मानता हूं और वापस अपने परिवार समाजवादी पार्टी में शामिल हो गया हूं। मेरे क्षेत्र की जनता मेरे दिल में रहती है। मुझे उम्मीद है कि क्षेत्र की जनता वापस मुझे जिताकर विधानसभा में भेजेगी। 

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : AIMIM के प्रत्याशी हाफिज वारिस ने कराया नामांकन, लंबे समय से ओवैसी की पार्टी से जुड़े हैं