Badaun News : पुरानी रंजिश में कटरी क्षेत्र में फायरिंग, गोली लगने से तीन घायल

दो पक्ष में पहले से चल रही है मुकदमाबाजी, मंगलवार देर शाम आमने-सामने आ गए थे दोनों पक्ष

Badaun News : पुरानी रंजिश में कटरी क्षेत्र में फायरिंग, गोली लगने से तीन घायल

हालत गंभीर होने पर एक घायल को बरेली और बाकी दोनों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

बदायूं, अमृत विचार : कई सालों के बाद एक बार फिर रामगंगा की कटरी क्षेत्र गोलियों तड़तड़ाहट से गूंज उठा। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष में कहासुनी हुई। फिर फायरिंग शुरू हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चलीं। घटना में दोनों पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुराने मुकदमाबाजी को लेकर दातागंज क्षेत्र के गांव करीमगंज में दो पक्षों में विवाद चल रहा है। जिसके चलते दोनों पक्ष अक्सर आमने-सामने आ जाते हैं। लोग समझाकर मामला शांत करा देते हैं। मंगलवार देर शाम भी गांव के पास रामगंगा की कटरी में खेत पर बाजरा की फसल काटते समय दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई। आसपास खेतों पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने। दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष में फायरिंग शुरू हो गई। एक पक्ष के अमरजीत पुत्र वीरेंद्र यादव के कूल्हे और दूसरे पक्ष के सुनील व संजीव पुत्र कृष्णपाल का गोली लगी।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। घायलों को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। हालत गंभीर होने पर अमरजीत को बरेली रेफर किया गया है जबकि सुनील और संजीव को जिला अस्पताल भेजा गया है। तीनों की हालत खतरे से बाहर है। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिसबल तैनात किया गया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। 

सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष में फायरिंग हुई है। सूचना पर पुलिस पहुंची। गोली लगने से तीन लोग घायल मिले। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घायलों को भर्ती कराया गया है। अभी दोनों तरफ से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज : आरो/एआरओ परीक्षा में हुई धांधली की आरोपी प्रिंसिपल को मिली सशर्त जमानत