Kanpur: नए साल में नई भाजपा, बूथ तक बदलेगा संगठन, किसी दलित नेता को सौंपी जा सकती है प्रदेश की कमान

2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारी तेज

Kanpur: नए साल में नई भाजपा, बूथ तक बदलेगा संगठन, किसी दलित नेता को सौंपी जा सकती है प्रदेश की कमान

विशेष संवाददाता, कानपुर। भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया अगले माह शुरू हो जाएगी। ऐसे कयास हैं कि नये साल में पार्टी का ढांचा आमूल-चूल बदल जाएगा। माना जा रहा है कि प्रदेश की कमान किसी दलित नेता को सौंपी जा सकती है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन के संकेत हैं। नयी टीम 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत गठित की जाएगी। सबसे पहले बूथ स्तर पर ढांचा खड़ा किया जाएगा फिर मंडल, जिला व क्षेत्र का नंबर आएगा। 
 
\कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 17 जिला इकाइयां, 254 मंडल, तथा 20,884 बूथ हैं। कानपुर उत्तर जिला में 1258 बूथ और 14 मंडल हैं। दक्षिण जिला में 1169 बूथ और 13 मंडल हैं।  कानपुर देहात में 1215 बूथ तथा 16 मंडल हैं। इनमें चुनाव होना है। चुनाव प्रक्रिया की तैयारी के साथ संगठन की कमान सौंपने को लेकर संभावित नाम चर्चा में हैं। भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान 30 को समाप्त हो जाएगा। 

इसी के साथ  संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बूथ, मंडल और जिला संगठन के बाद प्रदेश अध्यक्ष चुना जाएगा। दिसंबर तक सभी जिला इकाइयों के अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। इसके बाद  कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारी फिर नए साल में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। सोमवार को दिल्ली में हुई बैठक में यूपी से शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन) और चुनाव अधिकारी संगठन को चुनाव का एजेंडा सौंप दिया गया है। 

भाजपा नेताओं की माने तो पहली बार प्रदेश में संगठन की कमान किसी उर्जावान दलित नेता को दी जा सकती है। इसे लेकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, दिनेश खटिक और विनोद सोनकर के नामों की चर्चा संगठन स्तर पर है। 

2022 विधानसभा चुनाव  में बसपा के दलित वोट बैंक में भाजपा की सेंधमारी चर्चा में रही थी। लेकिन लोकसभा चुनाव में दलित वोट सपा और कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में खिसक गया था। दलित वोट को पार्टी के पक्ष में लामबंद करने के लिए ही दलित नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: मिलावट के खिलाफ एफएसओ, एफएसडब्ल्यू टीमें सक्रिय; डेढ़ करोड़ से अधिक की खाद्य सामग्री की गई सीज