रामपुर : बजरी प्लांट में लगी आग में मजदूर झुलसा, फायर ब्रिगेड कर्मियों ने 2 घंटे में पाया आग पर काबू

रामपुर : बजरी प्लांट में लगी आग में मजदूर झुलसा, फायर ब्रिगेड कर्मियों ने 2 घंटे में पाया आग पर काबू

धमोरा स्थित बजरी प्लांट से उठती लपटें। 

रामपुर/धमोरा/अमृत विचार। गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे धमोरा स्थित बजरी प्लांट के टैंक में कोलतार गर्म करते समय आग लग गई। इसमें एक मजदूर झुलस गया। आनन-फानन में साथी मजदूर उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

थाना शहजादनगर क्षेत्र के धमोरा-रठौंडा मार्ग पर ब्रजपुर गांव के सामने मैनपुरी निवासी मैसर्स विनय कुमार का बजरी का प्लांट है। गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे कोलतार गर्म करते समय इसमें अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आकर बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव निवासी उमेश पुत्र शुभओम झुलस गया। लपटें उठती देख अन्य मजदूरों ने शोर मचा दिया। इस पर आसपास मौजूद अधिकारी भी मौके पर आ गए। इसके बाद झुलसे मजदूर को निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने मजदूर की हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्लांट में आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग को बुझाने में जुट गई। सन्नी गौतम के नेतृत्व में फायरमैन पवन यादव, सौरभ चौधरी, अश्विनी बालियान, त्रिवेश पंवार आदि ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। झुलसे मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड के 3 वाहनों ने 2 घंटे में पाया आग पर काबू 
कोलतार गर्म करने के दौरान प्लांट में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 3 वाहन लेकर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कर्मचारियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मानकों की अनदेखी करके चलाया जा रहा है प्लांट : प्लांट में मानकों की अनदेखी की गई है। बिजली के नंगे तारों से काम चलाया जा रहा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जब नंगे तार देख अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को जमकर हड़काया।

धमोरा के पास एक प्लांट में अचानक आग लग गई  थी। सूचना पर बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया गया।- अकुंश मित्तल, सीएफओ

ये भी पढ़ें : रामपुर :पूर्व सांसद जयाप्रदा को कोर्ट से बड़ी राहत, आचार संहिता उल्लंघन के मामले में हुईं बरी