लखीमपुर खीरी: सदर विधायक को थप्पड़ मारे जाने पर हुई कार्रवाई; अवधेश सिंह समेत चार आरोपी भाजपा से निष्कासित

लखीमपुर खीरी: सदर विधायक को थप्पड़ मारे जाने पर हुई कार्रवाई; अवधेश सिंह समेत चार आरोपी भाजपा से निष्कासित

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर विधायक को थप्पड़ मारे जाने के मामले में भाजपा प्रदेश संगठन ने सोमवार को भाजपा नेता अधिवक्ता संघ अध्यक्ष, उनकी पत्नी समेत सभी चारों आरोपियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। 

बता दें कि बुधवार को शहर में अर्बन कोआपरेटिव बैंक कमेटी गठन की नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। भाजपा नेत्री पूर्व बैंक अध्यक्ष पुष्पा सिंह भी अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहीं थीं। पर्चा छीने जाने को लेकर वहां मौजूद भाजपा के ही सदर विधायक योगेश वर्मा और भाजपा नेत्री के पति भाजपा नेता जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश सिंह के बीच तीखी तकरार हो गई थी। 

इस पर अवधेश सिंह ने सदर कोतवाल अंबर सिंह के सामने ही विधायक को थप्पड़ जड़ दिया था। उनके समर्थकों ने भाजपा नेता व्यापारी राजू अग्रवाल के साथ भी मारपीट की थी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने प्रदेश संगठन को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी थी। 

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर 10 अक्टूबर को प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने कारण बताओ नोटिस जारी कर अवधेश सिंह, पुष्पा सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव व ज्योति शुक्ला से दो दिन में जवाब मांगा था। सोमवार को भाजापा प्रदेश संगठन ने कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने चारों लोगों के पार्टी से निष्कासन होने की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें- संभल: नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को मिला 20 वर्ष का कारावास