बरेली:घर में घुसा सियार तीन मासूमों पर टूट पड़ा, ग्रामीणों में फैली दहशत

रामगंगा कटरी किनारे के गांव अमृता का मामला

बरेली:घर में घुसा सियार तीन मासूमों पर टूट पड़ा, ग्रामीणों में फैली दहशत

फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। अब रामगंगा की कटरी किनारे के गांव अमृता में सियार देखा गया है। सियार शनिवार शाम गांव से बाहर बने एक मकान में घुस गया और तीन छोटे-छोटे बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना वन विभाग को दी थी। वहीं वन विभाग के अधिकारी केवल एक बच्चे के घायल होने की बात कह रहे हैं। उधर सियार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। 

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सियार गांव के बाहरी साइड में बने केसरी लाल के मकान में घुस गया जिसने घर में खेल रहे केसरी लाल के लड़के आयुष (5 वर्ष), आर्यन (3 वर्ष), आरिस (2 वर्ष) पर हमला कर तीनों को घायल कर दिया। बच्चों के रोने पर परिजन आए तो शोर शराबे पर सियार गांव से जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया लेकिन वह अंधेरे में गुम हो गया। सियार के आने की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण खेतों से भाग कर घरों की ओर दौड़ पड़े। ग्राम प्रधान मनोहर लाल की घटना की सूचना थाना पुलिस व वन विभाग को दी तो पुलिस गांव में पहुंच गई जिसने ग्रामीणों से सतर्क रहने की सलाह दी व अकेले खेतों पर न जाने की अपील की। वहीं सियार की दस्तक से ग्रामीण भयभीत हैं। आंवला रेंजर ऋषि तोमर ने बताया कि केवल एक बच्चे के घायल होने की जानकारी है। गांव में हमारी टीम ने जाकर कांबिंग भी की है।

गल्थुआ में किया था सियार ने हमला
बीते दिनों सियार ने गल्थुआ के जंगल में काम कर रहे दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने जंगल में पिंजड़ा लगवाया था लेकिन सियार हत्थे नहीं लगा था। अब शनिवार को अचानक कई दिन बाद सियार ने रामगंगा की कटरी के गांव अमृता में दस्तक दी। फिलहाल गांव वाले भी सावधानी बरत रहे हैं।