बरेली: सपा-कांग्रेस के वारिस तय, भाजपा में कोई पहुंच सकता है किसी पद पर

सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में बोले प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी

बरेली: सपा-कांग्रेस के वारिस तय, भाजपा में कोई पहुंच सकता है किसी पद पर

बरेली,अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि 1992 में बनी सपा अब तक मुलायम सिंह यादव से अखिलेश यादव तक पहुंची है। कांग्रेस में राहुल गांधी के बाद कौन उत्तराधिकारी होगा, यह भी तय है, लेकिन भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद पर पहुंच सकता है, क्योंकि वह विरासत नहीं विचारधारा की पार्टी है। प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को एक होटल में हुई सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में 2014 के पहले रसीदें काटी जाती थीं, लेकिन अब डिजिटल माध्यम से सदस्य बनाया जा रहा है। सभी संगठनों के लिए प्राथमिक सदस्य बनाए जाने जरूरी हैं। विपक्षी दल आरक्षण की बात करते हैं, हम तो संगठन में पदों के दायित्व में इसका पालन करते हैं। इसलिए सभी वर्ग और धर्म के लोगों को सक्रिय सदस्य बनाया जाना चाहिए। उन्होंने 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पहला चरण पूरा हो रहा है। इस भी सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने के बजाय सभी जनप्रतिनिधि हर बूथ पर पहुंचे। जयंती मनाने के बाद दो-तीन घंटे हर घर संपर्क करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। दूसरे चरण के इंतजार के बजाय पहले ही चरण में लक्ष्य पूरा करें।

बदमाशों के एनकाउंटर को देखने का समाजवादी एंगल
प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कहा कि सपा बदमाशों के एनकाउंटर को समाजवादी एंगल से देख रही है। अखिलेश यादव अपने अनुभव के आधार पर बोल रहे हैं, जब पूरा प्रदेश दंगाइयों के हवाले रहता था। भाजपा सरकार अपराधियों के खिलाफ बिना भेदभाव कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस लगातार हार रही है। यूपी, बिहार में कांग्रेस की दुर्गति हो रही है। कई प्रदेशों में शून्य हो गई है। भाजपा की अधिकांश प्रदेश में सरकार है या वह सहयोगी के रूप में है।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदर्शनी किया उद्घाटन
प्रदेश अध्यक्ष ने आईएमए हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, संतोष सिंह, चौधरी देवेंद्र सिंह, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्या, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रो. श्याम बिहारी, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, अंकित माहेश्वरी, बंटी ठाकुर, अंकित शुक्ला, डॉ. केएम अरोरा, उमेश कठेरिया, पुष्पा पांडेय, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।