भारतीय हॉकी टीम ने चीन को उसी के घर में हराया, रिकॉर्ड 5वीं बार जीता एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब

भारतीय हॉकी टीम ने चीन को उसी के घर में हराया, रिकॉर्ड 5वीं बार जीता एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब

हुलुनबुइर (चीन)। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में अपना पांचवां खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को उसी के घर में 1-0 से करारी शिकस्त दी है। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम पहले तीन क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर सकी। डिफेंडर जुगराज सिंह ने 51वें मिनट में फील्ड गोल करके टीम को जीत दिलाई। इससे पहले पाकिस्तान ने कोरिया को 5 . 2 से हराकर छह टीमों की स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय टीम ने इतिहास में सबसे ज्यादा पांच बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी खिताब जीते हैं। पुरुष हॉकी एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का पहला सीजन 2011 में खेला गया था। तब भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद भारतीय टीम ने 2013, 2018 और 2023 सीजन भी जीता है। 2018 में भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता रही थी।

आपको बता दें कि भारतीय हॉकी टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक कोई भी मैच नहीं हारी है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम लगातार 6 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी। इसके बाद फाइनल भी अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें : IND vs BAN : रोहित शर्मा बोले- बांग्लादेश के लिए पूरी तरह से अलग रणनीति बनाने की जरूरत नहीं