Kanpur: ज्वैलरी शॉप में टप्पेबाजी करने वाली दो अंतर्जनपदीय शातिर महिलाएं गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद...

Kanpur: ज्वैलरी शॉप में टप्पेबाजी करने वाली दो अंतर्जनपदीय शातिर महिलाएं गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद...

कानपुर, अमृत विचार। रायपुरवा थानाक्षेत्र में एक ज्वैलर्स की शॉप से दो प्रदेशस्तरीय शातिर टप्पेबाज महिलाओं ने टप्पेबाजी करते हुए सोने की अंगूठी चोरी कर ली थी। महिलाओं के जाने के बाद सर्राफा व्यापारी को घटना की जानकारी हुई थी। चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी फुटेज कैद हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने रायपुरवा थाने एफआईआर दर्ज कराई थी। 

जिसके बाद पुलिस ने दो शातिर महिलाओं को गिरफ्तार कर नकदी व अंगूठी बरामद कर ली है। रायपुरवा इलाके में आनंदेश्वर ज्वैलर्स नाम से रमाकांत गुप्ता की शॉप है। 28 जुलाई को रमाकांत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनकी शॉप पर दो महिलाएं ज्वैलरी खरीदने के बहाने आईं। अंगूठी देखने के दौरान दोनों शातिर महिलाओं ने बॉक्स से सोने की दो अंगूठियां पार की और उसमें पीतल की अंगूठियां रख दीं थी। 

उनके अनुसार उन्हें इस दौरान घटना की कतई भनक नहीं लगी। दोनों महिलाएं ज्वैलरी देखने के बाद बगैर खरीदारी किए लौट गईं। इसके बाद दूसरा ग्राहक आया तो अंगूठियों का बॉक्स खोलने पर उन्हें पीतल की अंगूठी मिली जिससे टप्पेबाजी की जानकारी हुई थी। इसके बाद उन्होंने रायपुरवा थाने पर सूचना दी। 

रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए टप्पेबाज महिलाओं के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए थे। इस संबंध में रायपुरवा थाना प्रभारी संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो महिलाओं को गि्रफ्तार किया गया। जिन्होंने अपना नाम पूनम यादव निवासी सुखई तालाब के पास पुखरिया थाना भोगनीपुर कानपुर देहात हाल पता शिवम एन्क्लेव जूही कला व माया तिवारी निवासी कुरारा हमीरपुर हालपता जरौली फेस 2 बताया है। 

उनके पास से एक सोने की अंगूठी और 30 हजार रुपये नकद बरामद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूनम यादव पर दो बुलंदशहर, एक-एक जौनपुर, कानपुर बर्रा और चित्रकूट में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं माया पर इटावा, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर पनकी, मथुरा, मेरठ में सात मुकदमे हैं। उनके अनुसार दोनों के अपराध के बारे में अन्य प्रदेशों में भी इसका पता लगाया जा रहा है। बताया कि ये दोनों काफी दिन से सक्रिय थीं।

यह भी पढ़ें- अमरोहा: दुष्कर्म के मामले में दोषी किशोर को मिली 25 माह और 28 दिन की सजा