बदायूं: ओवरटेक करने की कोशिश में अनियंत्रित ऑटो खंभे में घुसा, चालक की मौत
बुधवार दोपहर थाना उसावां क्षेत्र में गौतरा मार्ग पर हुआ हादसा
उसावां/बदायूं,अमृत विचार। तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना उसावां क्षेत्र के गांव गूरा बरेला निवासी संजीव शुक्ला (28) पुत्र हरि शुक्ला टेंपों चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। बदायूं से उसावां तक और म्याऊं मार्ग पर टेंपो ले जाते थे। बुधवार दोपहर वह टेंपो में सवारियां लेकर गांव गौतरा मार्ग पर जा रहे थे। उन्होंने टेंपो के आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान टेंपो अनियंत्रित हो गया। टेंपो सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गया। संजीव शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने संजीव शुक्ला के परिजनों को सूचित किया और उन्हें जिला अस्पताल लेकर आई। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां चिकित्सक ने संजीव शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखा गया है।