अयोध्या: पांच माह के बच्चे की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत, विधायक रामचंद्र ने दी आर्थिक सहायता

रुदौली के बाढ़ प्रभावित कैथी गांव में मां के साथ तखत पर सोया था

अयोध्या: पांच माह के बच्चे की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत, विधायक रामचंद्र ने दी आर्थिक सहायता
विधायक रामंचद्र यादव पीडि़त परिवार की झोपड़ी में पहुंच उन्हें ढांढस बंधाया।

रुदौली/अयोध्या,अमृत विचार : कोतवाली रुदौली के बाढ़ प्रभावित कैथी गांव माझा गांव में शनिवार रात मां के साथ तखत पर सो रहा पांच माह के बच्चे की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई।

गांव के अमर सिंह का पांच वर्षीय पुत्र अजीत अपनी मां के साथ तखत पर सो रहा था। परिजनों के मुताबिक तखत के नीचे बाढ़ का पानी था। सोते समय बाढ़ के पानी में बच्चे के गिर जाने की जानकारी मां को नहीं हो सकी। सुबह बच्चा नहीं मिलने पर घर में कोहराम मच गया। बच्चे को तलाशने पर बच्चा तख्त के नीचे पानी में मिला। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

मृतक के पिता ने बताया कि तीन बच्चों में सबसे छोटा था। बाढ़ का पानी अधिक होने से कहीं सुरक्षित स्थान पर नहीं जा सके। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया शव का पंचनामा कराया गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामचंद्र यादव नाव के सहारे पीड़ित परिवार के घर पहुंच उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना दिए जाने के लिए कहा है। दैवीय आपदा का चार लाख रुपए का चेक जल्द ही परिवार को दिया जाएगा। विधायक ने परिवार को नकद सहायता भी प्रदान की।

ये भी पढ़ें- अयोध्या: जो पीडीए की बात करेगा वही दिल्ली पर राज करेगा- सपा सांसद आरके चौधरी