Kanpur: नए नगर आयुक्त ने चार्ज संभालते ही गिनाईं प्राथमिकताएं, बोले- इन कार्यों पर करेंगे फोकस...कानपुर को बनाएंगे नंबर वन

गृहकर के बिलों की समस्याओं को दूर करने के लिये लगेंगे कैंप

Kanpur: नए नगर आयुक्त ने चार्ज संभालते ही गिनाईं प्राथमिकताएं, बोले- इन कार्यों पर करेंगे फोकस...कानपुर को बनाएंगे नंबर वन

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के नगर आयुक्त बनाये गये सुधीर कुमार गहलोत ने गुरुवार को नगर निगम पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान जगह-जगह सड़कें खराब हो गई हैं। सड़कों का सर्वे कराकर उन्हें गड्ढामुक्त करेंगे। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में जलभराव हो रहा है। सोसाइटी क्षेत्रों में होने वाले जलभराव का भी सर्वे कराएंगे। इस समस्या को दूर कराना प्राथमिकता होगी। नगर आयुक्त ने चार्ज लेने के बाद महापौर प्रमिला पांडेय के कार्यालय जाकर मुलाकात की। 

सीडीओ रहे सुधीर कुमार को नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वह गुरुवार दोपहर नगर निगम पहुंचे और चार्ज संभालते ही अधिकारियों और महापौर के साथ संक्षिप्त बैठक की। नगर निगम के कार्यों और विकास कार्यों को समझा। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि शहर में राजस्व वसूली, सफाई और अतिक्रमण पर भी उनका फोकस रहेगा। गृहकर बिल की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। 

हर जोन और वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि उनका लक्ष्य शासन की ओर से दिये गये टारगेट को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि 500 करोड़ के रेवेन्यू को बढ़ाकर 700 करोड़ तक ले जाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि सूरत जैसे छोटे शहर में राजस्व वसूली काफी बेहतर है। कानपुर को भी नंबर एक बनाना है। पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा। 

एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग होगी

नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश को देखते हुए जलभराव की समस्या का त्वरित निदान और एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग का कार्य भी तेज किया जाएगा। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कानपुर में जाम और अतिक्रमण बड़ी समस्या है। जिसे चिह्नित करने के साथ ही अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सही तरीके से चलाने के निर्देश दिये।

यह भी पढ़ें- Kanpur: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! सेंट्रल स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी मिलेगी सुविधा, लखनऊ रूट पर दौड़ेंगी सेमी हाई स्पीड ट्रेनें