उत्तराखंड: केदारनाथ की विधायक शैला रानी रावत का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज  

उत्तराखंड: केदारनाथ की विधायक शैला रानी रावत का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज  

देहरादून, अमृत विचार। केदारनाथ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक शैला रानी रावत का मंगलवार देर रात यहां के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 68 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया। रावत पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

रावत ने 2012 में कांग्रेस के टिकट पर केदारनाथ सीट से चुनाव जीतकर पहली बार उत्तराखंड विधानसभा में जगह बनाई थी। हालांकि, 2017 में रावत चुनाव हार गई थीं, लेकिन 2022 में वह भाजपा के टिकट पर एक बार फिर केदारनाथ से विधायक निर्वाचित हुईं। रावत कांग्रेस के उन 10 विधायकों में शामिल थीं, जिन्होंने 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ बगावत कर दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह भाजपा और राज्य के लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उनकी कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।’’ धामी ने रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि भी अर्पित की जिसे लोगों के अंतिम दर्शन के लिए देहरादून स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रखा गया। 

गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा से भाजपा विधायक शैला रानी रावत जी के निधन का दुखद समाचार मिला। विकास और जनकल्याण हेतु समर्पित शैला रानी जी का जाना पार्टी तथा क्षेत्रवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। बाबा केदारनाथ दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

ये भी पढ़ें -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्नाव सड़क दुर्घटना पर जताया शोक, घोषित की सहायता राशि