Kannauj: भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने सुब्रत के खिलाफ खोला ‘मोर्चा’, पूरे परिवार की हत्या का षड़यंत्र रचने का लगाया आरोप

डीएम से की कार्रवाई की मांग, कहा-20 लाख रुपये की दी गई सुपारी

Kannauj: भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने सुब्रत के खिलाफ खोला ‘मोर्चा’, पूरे परिवार की हत्या का षड़यंत्र रचने का लगाया आरोप

कन्नौज, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद पूर्व सांसद सुब्रत पाठक पर उनकी ही पार्टी की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। डीएम से शिकायत कर पूर्व सांसद पर पूरे परिवार की हत्या करवाने का षड़यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कई साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, जिसके आधार पर डीएम ने जांच का आश्वासन दिया है। 

मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य अमिता उर्फ नेहा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि सोमवार को पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने ग्राम चपुन्ना निवासी धर्मेंद्र उर्फ दिलीप त्रिपाठी, पति राहुल त्रिपाठी व देवर दीपक त्रिपाठी को भूमाफिया घोषित कराने के लिए पत्र दिया है। 

आरोप लगाया कि मतगणना से एक दिन पहले पूर्व सांसद उनके पैतृक गांव चपुन्ना गए और उनके राजनैतिक विरोधी जो शातिर अपराधी, गैंगस्टर एवं आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं, के घर जाकर ससुर की हत्या का षड़यंत्र रचा। इसके बाद एक कार्यकर्ता ने फोन कर ससुर को धमकी दी कि यदि भाजपा चपुन्ना बूथ हार गई तो इसका बदला लिया जाएगा। इसका ऑडियो उनके पास है। 

शूटर को दी गई 20 लाख में हत्या की सुपारी

नेहा ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि तीन शातिर गैंगस्टरों को पूर्व सांसद का संरक्षण प्राप्त है। इन लोगों ने ठठिया थाना क्षेत्र के एक शातिर शूटर को 20 लाख रुपये में पूरे परिवार की हत्या की सुपारी दी है। इन अपराधियों को एक बाइक समेत अत्याधुनिक असलहे दिए गए। 25 जून को इस बारे में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की थी। शूटर ने भी इस बात को स्वीकारा है। 

माफिया अनुपम दुबे से भी जोड़ा जा रहा नाम

नेहा ने बताया कि पूर्व सांसद उनके परिवार का नाम फर्रुखाबाद के माफिया डॉ. अनुपम दुबे से भी जोड़ रहे हैं और चपुन्ना में बने उनके गेस्ट हाउस को अवैध बता रहे हैं। वे सत्ता के दबाव में उनके पति व ससुर को भूमाफिया घोषित करवाकर गेस्ट हाउस पर बुलडोजर चलवाना चाहते हैं। जब वह सांसद थे तो कई बार बैठकें और सभाएं कीं, तब गेस्ट हाउस अवैध नहीं था। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पूर्व सांसद ने 50 लाख रुपये उनसे लिए थे, जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो वह रंजिश मानने लगे।

सुब्रत पर कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आमरण अनशन

नेहा व उनके पति राहुल त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि उन्होंने पूर्व सांसद के खिलाफ सभी साक्ष्य डीएम व एसपी को दिए हैं। उनके परिवार को फर्जी भूमाफिया घोषित करवाने का प्रयास किया जा रहा है तथा भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी गई है। जिला पंचायत में भी पूर्व सांसद के इशारे पर व्यापक रूप से भ्रष्टाचार किया गया। यदि इसके बाद भी उन पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह समर्थकों के साथ आमरण अनशन करेंगीं। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी शीर्ष पदाधिकारियों को दी गई है। 

गेस्ट हाउस अनुपम की मां के नाम : सुब्रत

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने नेहा त्रिपाठी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बताया यह उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने का प्रयास है। अधिकारियों से तथ्यहीन शिकायतें कर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। चपुन्ना में बना गेस्ट हाउस डॉ. अनुपम दुबे की मां कुसुमलता पत्नी महेश चंद्र दुबे के नाम है और फर्रुखाबाद जिले के अधिकारी कोर्ट के आदेश पर उनकी सभी संपत्तियों की जांच कर रहे हैं, जिसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। डीएम-एसपी सभी आरोपों की जांच कराएं और उसमें जो भी दोषी हो, उस पर कार्रवाई करें।

यह भी पढ़ें- Kanpur: इमरान ने अमन बनकर की दोस्ती, चार साल तक करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती होने पर पीड़िता पर डाला धर्मांतरण का दबाव

 

ताजा समाचार

मुरादाबाद : सीओ हैं...सीओ जैसा काम नहीं, एसएसपी ने अधिकारियों को लगाई फटकार
बहराइच: तेरहवीं भोज के दौरान दो गुटों में हुई जमकर मारपीट, महिला समेत चार घायल
अमृत विचार की खबर का असर : मुख्य अभियंता बोले, 25 सितंबर से शुरू होगा कांठ रोड का निर्माण
मणिपुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद
देश की दुर्लभ नस्ल की इस प्रजाति के आने से और समृद्ध हुई गोरक्षपीठ की गोशाला, सीएम योगी ने अपने हाथों से खिलाया गुड़
हरदोई: पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार, सास-ससुर और देवर की तलाश