चाचा पर भतीजे की हत्या का आरोप : कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

चाचा- भतीजे के बीच मकान का चल रहा था विवाद, पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया शव

चाचा पर भतीजे की हत्या का आरोप : कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

लखनऊ/ ठाकुरगंज, अमृत विचार। ठाकुरगंज थाना अंतर्गत मरी माता मंदिर हुसैनबाड़ी में सब्जी विक्रेता राम भरोसे (42) का शव सोमवार को घर में फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने चाचा पर भतीजे की हत्या कर शव को फंदे से लटकाये जाने का आरोप लगाया है। हांलाकि, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि एक लम्बे समय से चाचा-भतीजे के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा था। सुबह उनके बीच मारपीट भी हुई थी। फिलहाल, पुलिस कई पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। 

हत्या का आरोप

एसीपी चौक राजकुमार के मुताबिक,  मरी माता मंदिर बरौरा हुसैनबाड़ी निवासी सब्जी विक्रेता राम भरोसे का चाचा रामसेवक से एक मकान को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को चाचा-भतीजे के बीच झगड़ा हो गया था। जिसके बाद दोनों के बीच मारपीट होने लगी। हालांकि, पड़ोसियों ने हस्ताक्षेप कर बीच-बचाव किया। इसके कुछ ही घंटे बाद राम भरोसे का शव घर में फंदे से लटकता मिला। सब्जी विक्रेता की मौत के बाद परिजनों ने चाचा रामसेवक पर भतीजे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि चाचा रामसेवक ने साजिश के तहत मकान की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली थी। इसके बाद रामसेवक भतीजे को घर से निकालने की तमाम कोशिशें करने लगा था। पूर्व में भी दोनों के बीच खून संघर्ष हो चुका है। परिजनों का कहना है कि सुबह करीब सात बजे रामसेवक ने भतीजे की हत्या कर खुद पर चाकू से वार करके मौके से भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने बताया कि परिजनों ने रामसेवक पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

बेटा बोला, पिता को मारकर फंदे से लटकाया

पुलिस को दिए बयान में बेटे राम मौर्या ने बताया कि, सुबह करीब साढ़े छह बजे पिता रामभरोसे दुबग्गा सब्जी मंडी जा रहे थे। तभी उनके चाचा अपने परिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर पिता से मारपीट करने लगे। पिता की आवाज सुनकर सभी ऊपर गए तो कमरे से चीखने की आवाज आई। बेटे का कहना है कि जब तक वह पिता को बचाने पहुंचा तब रामसेवक ने उन्हें मारकर फंदे से लटका दिया। बताया कि रामसेवक के घर में चार परिवारिक सदस्य है। 

कमरे में झांकती पुलिस


न्यायलय में विचाराधीन है मकान का मामला

सब्जी विक्रेता रामभरोसे की पत्नी ने बताया कि उनके मकान का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को न्यायलय में उनके मामले की सुनवाई थी। पत्नी का आरोप है सुनवाई से पूर्व आरोपितों ने सुबह उनके पति की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है। डीसीपी पश्चिम डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्या में सब्जी विक्रेता राम भरोसे ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। वहीं परिजन चाचा रामसेवक और उनके परिवारिक सदस्यों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष एक ही मकान में रहते हैं। उनके बीच लंबे समय से मकान का विवाद चल रहा है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें :- लखनऊ : क्राइम कंट्रोल करने वाली UP पुलिस में नौकरी करते पकड़े गए 34 जालसाज, फिर जो हुआ-जानकर रह जाएंगे हैरान