कासगंज: कछला गंगा नदी पर बढ़ने लगा बैराजों के पानी का दबाव, 24 घंटे में 1.64 मीटर की वृद्धि

कासगंज: कछला गंगा नदी पर बढ़ने लगा बैराजों के पानी का दबाव, 24 घंटे में 1.64 मीटर की वृद्धि
कछला गंगा घाट पर पानी का जलस्तर

कासगंज, अमृत विचार। अतिवर्षा और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी से कछला गंगा नदी पर पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में कछला गंगा नदी में 1.64 मीटर पानी की वृद्धि हुई है। पानी का गेज बढ़कर 161.90 मीटर तक जा पहुंचा है। किसी भी संभावना के चलते जिला प्रशासन मुस्तैदी बनाए हुए है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर ड्यूटियां लगाई गई हैं। जिला मुख्यालय पर बनाए गए कंट्रोल रूम गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।

दरअसल, प्रति वर्ष कासगंड जिला बाढ़ की चपेट में आता है। गंगा के तटवर्ती 153 गांव बाढ़ से प्रभावित होते हैं। जिले में भले ही अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है और गंगा नदी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है, लेकिन बैराजों से निरंतर हो रहा पानी का डिस्चार्ज गंगा नदी पर दबाब बना रहा है। जिससे गंगा नदी में पानी बढ़ता जा रहा है।

वहीं गंगा में बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन और सिचाई विभाग ने सजगता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मेधा रुपम के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने बाढ़ चौकियां स्थापित कर उन पर ड्यूटियां लगा दी हैं। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर बाढ़ कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिस पर सभी चौकियों से पानी के स्तर की जानकारी साझा की जा रही है।

यह रहा पानी का डिस्चार्ज
-हरिद्वार बैराज: 97,085 क्यूसेक पानी
-बिजनोर बैराज: 1,34,964 क्यूसेक पानी
-नरौरा बैराज: 8,862 क्यूसेक पानी

बरौना और कादरगंज पर विशेष निगरानी
पटियाली क्षेत्र में गांव बरौना और कादरगंज के निकट बह रही गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर के चलते विशेष निगरानी बरती जा रही है। जिलाधिकारी मेधा रुपम ने पटियाली के एसडीएम कुलदीप सिंह को निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।

जिले में बनाई गईं 17 बाढ़ चौकियां
जिले में बाढ़ से सोरों, सहावर, गंजडुंडवारा और पटियाली क्षेत्र के गांव प्रभावित होते हैं। इस बार कुल 17 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। कासगंज तहसील क्षेत्र में 6, पटियाली में 9 और सहावर में 2 चौकियां स्थापित की गई हैं।

जिले में हालात सामान्य हैं। किसी भी विशेष परिस्थितियों में निपटने के लिए तैयारियां पूरी की गई हैं। जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रुम बनाया गया है। जहां 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। -मेधा रुपम, डीएम

ये भी पढ़ें- कासगंज: प्रदेश में पीएम आवास योजना में जिले को मिला दूसरा स्थान