बरेली: बारिश की वजह से 24 घंटे में 0.295 मीटर रामगंगा का जल स्तर बढ़ा

कोसी, खो और किच्छा नदी में अधिक पानी छोड़ा गया तो स्थिति खतरनाक होगी

बरेली: बारिश की वजह से 24 घंटे में 0.295 मीटर रामगंगा का जल स्तर बढ़ा

बरेली, अमृत विचार। बारिश की वजह से 24 घंटे में रामगंगा का जल स्तर 0.295 मीटर बढ़ गया है। तीन-चार दिन लगातार बारिश होती रही तो बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा। अगर कोसी, खो और किच्छा नदी में अधिक पानी छोड़ा गया तो स्थिति खतरनाक हो जाएगी। तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रामगंगा के सभी तटीय क्षेत्रों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जलस्तर यदि इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के खेतों में पानी घुसने लगेगा। खतरे के निशान 163 मीटर तक जलस्तर पहुंचने पर रेड अलर्ट घोषित कर दिया जाएगा।

लगातार बारिश के कारण रामगंगा नदी उफान पर है। शनिवार को बाढ़ खंड के नियंत्रण कक्ष से जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में जल स्तर 159.060 से बढ़कर 159.350 मीटर पहुंच गया है। 161 मीटर के बाद बाढ़ की आशंका बढ़ जाएगी। अधिकारियों के अनुसार नदी में जल का स्तर 161 मीटर तक होने पर खेतों में पानी पहुंच जाता है। हालांकि, तटीय क्षेत्रों में आबादी वाले इलाके प्रभावित नहीं होते हैं। फिलहाल, जलस्तर 1.65 मीटर से नीचे है, लेकिन बारिश तीन चार दिन लगातार होती रही स्थिति चुनौतीपूर्ण बन सकती है। अभी पहाड़ों पर अधिक बरसात नहीं हो रही है। इसलिए वहां से आने वाली नदियां, जो रामगंगा में मिलती हैं, उनमें कम पानी आ रहा है।

खो नदी में अधिक पानी छोड़े जाने की वजह से आई थी बाढ़
बाढ़ खंड के अधिकारियों के मुताबिक उत्तराखंड के किसी नदी का 50 हजार क्यूसेक पानी यदि छोड़ा जाता है तो यहां बाढ़ की स्थिति बन सकती है। पिछली बार खो नदी में अधिक पानी छोड़े जाने के कारण यहां के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ आई थी, जो बिजनौर पहुंच कर रामगंगा में सम्मिलित होती है। इसके अलावा नैनीताल से आने वाली किच्छा और रामनगर से आने वाली कोसी नदी भी इसमें मिलती है। यह तीनों प्रमुख नदियों में फिलहाल पानी कम है।

अभी रामंगगा का जलस्तर खतरे के निशान से कम है, लेकिन यदि बरसात लगातार होती रही तो तटीय क्षेत्र के खेतों में पानी भर सकता है। जलस्तर 161 मीटर से ऊपर जाने पर बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। बाढ़ से बचाव और सुरक्षा को लेकर निरंतर लोगों को सचेत किया जा रहा है। जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है-अमित किशोर, सहायक अभियंता, बाढ़ खंड

ये भी पढ़ें- बरेली: SSP की एक और कार्रवाई, हत्यारोपी को गिरफ्तार नहीं करने पर दरोगा निलंबित